Bangladesh Violence: बांग्लादेश में हिंदुओं पर अत्याचार थमने का नाम नहीं ले रहा। बांग्लादेश में बुधवार रात करीब 11:00 बजे राजबाड़ी जिले के होसेनडांगा गांव में एक हिंदू युवक को पीट-पीटकर मार डाला गया।
पड़ोसी मुल्क में हिंदुओं पर हो रही अत्याचार पर भारत ने चिंता जाहिर करते हुए कड़ी प्रतिक्रिया दी है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों के प्रति जारी दुश्मनी बेहद चिंताजनक है। उन्होंने हाल ही में एक हिंदू युवक की हत्या की कड़ी निंदा करते हुए उम्मीद जताई कि इस जघन्य अपराध के दोषियों को जल्द न्याय के कटघरे में लाया जाएगा।
'अल्पसंख्यकों के अधिकारों को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता'
विदेश मंत्रालय के अनुसार, भारत इस तरह की घटनाओं पर करीबी नजर बनाए हुए है और बांग्लादेश सरकार से अपेक्षा करता है कि वह अपने यहां सभी समुदायों की सुरक्षा सुनिश्चित करे। प्रवक्ता ने साफ कहा कि अल्पसंख्यकों के अधिकारों और उनकी सुरक्षा से जुड़े मुद्दों को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
इसी बीच बांग्लादेश की राजनीति से जुड़े एक अन्य घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए रणधीर जायसवाल ने कहा कि भारत बांग्लादेश में स्वतंत्र, निष्पक्ष और समावेशी चुनावों का समर्थन करता है। उन्होंने कहा कि तारिक रहमान की वापसी को इसी व्यापक लोकतांत्रिक संदर्भ में देखा जाना चाहिए।
'बांग्लादेश में लोकतांत्रिक प्रक्रिया मजबूत हो'
MEA का कहना है कि भारत की प्राथमिकता यह है कि बांग्लादेश में लोकतांत्रिक प्रक्रिया मजबूत हो और सभी वर्गों को बिना किसी डर के राजनीतिक भागीदारी का अवसर मिले। विदेश मंत्रालय के इन बयानों को दोनों देशों के संबंधों और क्षेत्रीय स्थिरता के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
बांग्लादेश में एक और हिंदू युवक की हत्या
बता दें कि बुधवार रात करीब 11:00 बजे राजबाड़ी जिले के होसेनडांगा गांव में एक हिंदू युवक को पीट-पीटकर मार डाला गया गया। पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान 29 वर्षीय अमृत मंडल उर्फ सम्राट के तौर पर हुई है।
पुलिस ने बताया कि अमृत को भीड़ ने जबरन वसूली के आरोप में मार डाला। वह होसेनडांगा गांव का ही निवासी था। पुलिस ने बताया कि अमृत के खिलाफ पांगशा पुलिस स्टेशन में दो मामले दर्ज हैं। इनमें एक हत्या का मामला भी शामिल है। इससे पहले 18 दिसंबर को ढाका के पास हिंदू युवक दीपू चंद्र दास की भीड़ ने हत्या कर दी थी। बाद में उसे पेड़ पर लटकाकर जला दिया था।
