Jantar Mantar Protest: नई दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ कांग्रेस और INDIA ब्लॉक का विरोध प्रदर्शन दूसरे दिन भी काफी गरमाया रहा। विपक्षी सांसदों ने पहले एक लंच मीटिंग की और फिर बसों में सवार होकर जंतर-मंतर की ओर कूच किया। हालांकि, प्रदर्शनकारियों के जंतर-मंतर पहुंचने से पहले ही मुस्तैद दिल्ली पुलिस ने उन्हें रास्ते में ही रोक लिया।
इसके बाद सड़क पर ही जोरदार हंगामा, धरना-प्रदर्शन, नारेबाजी और पुलिस के साथ धक्का-मुक्की का दौर शुरू हो गया। हालात इतने बिगड़ गए कि पुलिस ने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा समेत कई दिग्गज विपक्षी नेताओं को हिरासत में ले लिया।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें: दिल्ली में अब जहां-तहां नहीं दे सकेंगे धरना, जंतर-मंतर पर 10 दिन पहले मंजूरी जरूरी, नया नियम लागू; ये जगहें बैन
नेताओं पर पुलिसकर्मियों से मारपीट के लगे आरोप
इस पूरे हंगामे के बीच अब दिल्ली पुलिस बेहद सख्त रुख अपनाती नजर आ रही है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, प्रदर्शन के दौरान मोबाइल से बनाए गए कई वीडियो फुटेज की बारीकी से जांच की जा रही है।
आरोप है कि भीड़ ने महिला पुलिसकर्मियों और अन्य कांस्टेबलों के साथ बदसलूकी और मारपीट की। इस मामले में सरकारी काम में बाधा डालने, लोक सेवकों पर हमला करने और अन्य गंभीर धाराओं के तहत FIR दर्ज करने की तैयारी है।
कॉन्स्टेबल अंकित कसाना ने सुनाई आपबीती
इस बीच, ड्यूटी पर तैनात कॉन्स्टेबल अंकित कसाना (Constable Ankit Kasana assault) का एक बयान सामने आया है, जिन्होंने बताया कि कैसे 3-4 पुलिस वालों ने उन्हें भीड़ से खींचकर बचाया। उन्होंने आपबीती बताते हुए कहा कि जब वे कानून-व्यवस्था संभालने गए थे, तब अचानक एक कार की चाबी छीनने की कोशिश के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उन पर गालियों और हमलों की बौछार कर दी, जिससे उनके सीने, पीठ और हाथों पर चोटें आईं। इस घटना के बाद डीसीपी सचिन शर्मा ने कॉन्स्टेबल को गले लगाकर उनका हौसला बढ़ाया।
प्रियंका गांधी का महिला पुलिसकर्मी को कोहनी मारने का वीडियो वायरल
दूसरी ओर, भारतीय जनता पार्टी (BJP) के जम्मू-कश्मीर यूनिट के आधिकारिक एक्स अकाउंट से एक वीडियो शेयर किया गया है, जिसमें प्रियंका गांधी (Priyanka Gandhi video viral) पर एक महिला पुलिसकर्मी पर कोहनी से हमला करने का गंभीर आरोप लगाया गया है। इस राजनीतिक ड्रामे और पुलिस एक्शन के बाद राजधानी का सियासी पारा एक बार फिर सातवें आसमान पर पहुंच गया है।
