INDIA Alliance Meeting: इंडिया गठबंधन की मीटिंग मंगलवार को दिल्ली में हुई। मीटिंग में लोकसभा चुनाव 2024 में विपक्षी गठबंधन कैसे चुनाव लड़ेगी, उसपर बात हुई। इसमें यह फैसला किया गया कि जनवरी, 2024 के दूसरे सप्ताह तक सीट बंटवारे को अंतिम रूप देना है।
28 विपक्षी दलों ने लिया भाग
बैठक में 28 विपक्षी दलों ने भाग लिया, जिसमें गठबंधन के प्रधानमंत्री पद के चेहरे पर भी चर्चा हुई। बताया जा रहा है कि ममता बनर्जी और अरविंद केजरीवाल ने गठबंधन के पीएम चेहरे के तौर पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का नाम प्रस्तावित किया है। हालांकि, खड़गे ने इस सुझाव को अधिक महत्व नहीं दिया और कहा कि गठबंधन के विजयी होने के बाद इस मुद्दे को हल किया जा सकता है। खड़गे, ममता और केजरीवाल के अलावा, कांग्रेस के राहुल गांधी, शिवसेना (यूबीटी) के अध्यक्ष उद्धव ठाकरे, बिहार के सीएम नीतीश कुमार, राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव, समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव और तमिलनाडु के सीएम एमके स्टालिन समेत कई वरिष्ठ नेता बैठक में शामिल हुए।
मीटिंग के बाद क्या बोले खड़गे
बैठक के बाद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने संवाददाताओं से कहा कि गठबंधन की आज चौथी बैठक में 28 दलों के नेताओं ने हिस्सा लिया। खुशी की बात है कि सभी ने एक होकर यह फैसला किया कि आगे किस तरह से मिलकर काम करना है। उन्होंने कहा कि सभी दलों ने 8-10 जनसभाएं करने का फैसला किया। खड़गे ने कहा कि पहले प्रदेश स्तर पर सीटों के तालमेल पर बात होगी और अगर कोई मुद्दा आया, तो राष्ट्रीय स्तर पर बात होगी।
सीट शेयरिंग पर जनवरी में फैसला
मिली जानकारी के अनुसार इंडिया गठबंधन के घटक दलों ने तय किया कि जनवरी के दूसरे सप्ताह तक सीटों के तालमेल को अंतिम रूप दे देंगे। वहीं मिशन 2024 के लिए 30 जनवरी से कैंपेन शुरू किया जाएगा।
