Shahjahanpur Murder Case: उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में कुएं से मिली सिर कटी लाश के मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। जिस शव को मुख्य आरोपी विनोद उर्फ बाबा का बताकर उसकी पत्नी ने नौ लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था, वह दरअसल दृष्टिहीन राजपाल का था। पुलिस के मुताबिक, विनोद ने गिरफ्तारी से बचने और खुद को मृत साबित करने के लिए अपनी मौत की झूठी कहानी रची थी। इस साजिश में उसने अपने दो साथियों को पीतल के सिक्के सोना बनाने का लालच दिया और तीनों ने मिलकर राजपाल की हत्या कर दी।
पीतल के सिक्के सोना बनाने का लालच
पुलिस जांच के मुताबिक, मुख्य आरोपी विनोद उर्फ बाबा तंत्र-मंत्र का काम करता था। उसने अपने साथी विकास और ओमपाल को बताया कि किसी दृष्टिहीन व्यक्ति की बलि देने से पीतल के सिक्के सोने में बदल जाएंगे। इसी अंधविश्वासी लालच में तीनों ने निगोही थाना क्षेत्र के ऐंठापुर गांव निवासी दृष्टिहीन राजपाल को निशाना बनाया। आरोप है कि राजपाल की हत्या कर उसका सिर धड़ से अलग कर दिया गया। धड़ को कुएं में फेंक दिया गया, जबकि सिर को रामगंगा नदी के अटेना घाट पर बहा दिया गया।खुद की मौत का नाटक कर नौ लोगों को फंसाने की साजिश
इस हत्याकांड के पीछे एक और साजिश थी। पुलिस के मुताबिक, विनोद उर्फ बाबा के खिलाफ पहले से मुकदमे दर्ज थे और उसके खिलाफ वारंट जारी था। वह गिरफ्तारी से बचना चाहता था। इसके लिए उसने अपनी मौत का फर्जी नाटक रचा, ताकि उसकी पहचान छिपी रहे और उसके विरोधियों समेत नौ लोगों को हत्या के मुकदमे में फंसाया जा सके।
पत्नी ने विनोद समझकर की शव की पहचान
मामला कलान थाना क्षेत्र के सिउड़ी गांव से जुड़ा है। 17 नवंबर को पुलिस को सूचना मिली थी कि फर्रुखाबाद जिले के शमशाबाद थाना क्षेत्र में अनोखेलाल के खेत में बने कुएं में एक सिर कटी लाश पड़ी है। पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया। मौके पर मौजूद पूजा ने शव की पहचान अपने पति विनोद कुमार शर्मा के रूप में की। घटनास्थल से विनोद के नाम का आधार कार्ड भी मिला।
इसके बाद पूजा ने विनोद के विरोधियों पर हत्या का आरोप लगाते हुए नौ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया। हालांकि, जांच के दौरान पुलिस को शव की पहचान और उसके हुलिये को लेकर संदेह हुआ। सर्विलांस टीम और कलान पुलिस ने साक्ष्यों की पड़ताल की और विनोद के परिजनों से पूछताछ की। इसके बाद कथित मौत के पीछे की साजिश सामने आई।
15 पीतल के सिक्के और हत्या में इस्तेमाल हथियार बरामद
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर 15 पीतल के सिक्के, हत्या में इस्तेमाल गड़ासा, ईंट और अन्य सामान बरामद करने की बात कही है। अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण भामरे दीक्षा अरुण के मुताबिक, सर्विलांस टीम और कलान पुलिस की संयुक्त जांच में मामले का खुलासा हुआ। पुलिस ने मुख्य आरोपी विनोद उर्फ बाबा, विकास और ओमपाल को गिरफ्तार किया है।
