देश

इंडी गठबंधन ने लोकतंत्र को हुल्लड़, हंगामा और हुड़दंग तंत्र में बदला, शिवराज सिंह चौहान कांग्रेस समेत पूरे विपक्ष पर साधा निशाना

Monsoon Session: विपक्षी दलों के हंगामे पर केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने निशाना साधा। उन्होंने विपक्ष पर सदन में चर्चा से दूर भागने का आरोप लगाया और कहा कि इंडी गठबंधन ने लोकतंत्र को हुल्लड़, हंगामा और हुड़दंग तंत्र में बदल दिया है।

Image

शिवराज सिंह चौहान कांग्रेस समेत पूरे विपक्ष पर साधा निशाना

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Monsoon Session: संसद के मानसून सत्र के तीसरे दिन भी एसआईआर समेत कई मुद्दों को लेकर विपक्ष का हंगामा जारी रहा। विपक्षी दलों के हंगामे पर केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने निशाना साधा। उन्होंने विपक्ष पर सदन में चर्चा से दूर भागने का आरोप लगाया और कहा कि इंडी गठबंधन ने लोकतंत्र को हुल्लड़, हंगामा और हुड़दंग तंत्र में बदल दिया है।

केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बुधवार को मीडिया से बात करते हुए कहा कि इंडी गठबंधन ने लोकतंत्र को हुल्लड़, हंगामा और हुड़दंग तंत्र में बदल दिया है। 'इंडी ब्लॉक' अब 'हुल्लड़ ब्लॉक' बन गया है। लोकतंत्र को 'शोरतंत्र' में बदल रहे हैं। संसद के बाहर वे कहते हैं कि चर्चा होनी चाहिए, लेकिन वे सदन में बहस से भाग रहे हैं। ये पाखंड कर रहे हैं और चर्चा से भाग रहे हैं। मैंने कल हाथ जोड़कर विपक्ष से प्रार्थना की थी कि चर्चा होने दें। किसानों और गरीबों से संबंधित 11 प्रश्न थे, लेकिन विपक्ष भाग गया। पूरा देश और किसान भाई-बहन विपक्ष का ये दोहरा चरित्र देख रहे हैं। मैं किसानों और जनता से इंडी ब्लॉक के इस दोहरे मापदंड को देखने की अपील करता हूं। भाजपा सांसद जगदंबिका पाल ने कहा कि विपक्ष सदन को चलने नहीं दे रहा है। सदन के बाहर वे केवल आरोप लगा रहे हैं कि राहुल गांधी को संसद में बोलने नहीं दिया जा रहा है। वहीं, शिवसेना सांसद मिलिंद देवड़ा ने विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, "विपक्ष को जनता से जुड़े मुद्दे संसद में उठाने चाहिए, सड़कों पर नहीं।

साथ ही भाजपा सांसद लहर सिंह सिरोया ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि इस शोरगुल में हमें समझ ही नहीं आ रहा कि संसद क्यों नहीं चल रही है। संसद का चलना ही विपक्ष के लिए अच्छा होता है। इससे पहले, लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने बुधवार को सदन में विपक्ष के हंगामे को लेकर नाराजगी जताई थी। उन्होंने विपक्षी सांसदों को चेताते हुए कहा कि आप संसद में भी सड़क जैसा व्यवहार कर रहे हैं। इस दौरान लोकसभा अध्यक्ष ने सदन में तख्तियां दिखाने पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी।

Shashank Shekhar Mishra
Shashank Shekhar Mishraauthor

शशांक शेखर मिश्रा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल (www.timesnowhindi.com) में बतौर कॉपी एडिटर काम कर रहे हैं। इन्हें पत्रकारिता में करीब 5 वर्षों का अनुभव है। इन पांच सालों में देश की राजनीति से लेकर देश-दुनिया में बनते-बिगड़ते सत्ता समीकरणों एवं घटनाओं को कवर करने का अनुभव है। राजनीति, रक्षा और आटोमोबाइल्स की खबरों में विशेष रूचि के साथ खोजी पत्रकारिता और स्टिंग ऑपरेशन का भी अनुभव है। टाइम्स नाउ नवभारत में देश-दुनिया की खबरों के साथ रियल टाइम डेस्क पर कार्य करने का अनुभव है। शशांक ने इन 5 वर्षों के पत्रकारिता के कैरियर के दौरान टेलीविजन और डिजिटल मीडिया में कार्य करने का अनुभव हासिल किया है। टाइम्स नाउ नवभारत में बतौर कॉपी एडिटर जुड़ने से पहले जागरण न्यू मीडिया, इनशार्ट्स, जी हिंदुस्तान और न्यूज हेल्पलाइन में सब एडिटर, रिपोर्टर और असिस्टेंट प्रोड्यूसर के तौर पर काम कर चुके हैं। पढ़ाई-लिखाई की बात करें तो लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया है। इसके बाद एशियन एकेडमी ऑफ फिल्म एंड टेलीविजन से पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन एंड टीवी जर्नलिज्म किया हैं। शशांक को जिम जाना, एडवेंचर एक्टिविटी करना और नई तकनीक को जानना और समझना बेहद पसंद है। इसके अलावा शशांक को ड्राइव करना और अध्यात्म में भी काफी रुचि हैं। शशांक शेखर मिश्रा उत्तर प्रदेश की राजधानी और नवाबों के शहर के रूप में फेमस लखनऊ से ताल्लुक रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article