IMD weather update: देशभर में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। भीषण गर्मी और लू से परेशान लोगों को अब राहत मिलती दिख रही है, लेकिन इसके साथ तेज आंधी, बिजली और भारी बारिश का खतरा भी बढ़ गया है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली-NCR, उत्तर प्रदेश, बिहार, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, तमिलनाडु, केरल और पश्चिम बंगाल समेत कई राज्यों के लिए बारिश और गरज-चमक का अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के मुताबिक, इस बड़े बदलाव की वजह एक्टिव पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) और अलग-अलग साइक्लोनिक सर्कुलेशन सिस्टम हैं। इसके असर से उत्तर भारत से लेकर दक्षिण भारत तक मौसम तेजी से बदल रहा है। कई इलाकों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।
दिल्ली में आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम?
दिल्ली-NCR में पिछले कुछ दिनों से बारिश और तेज हवाओं की वजह से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। IMD का अनुमान है कि आने वाले दिनों में भी राजधानी और आसपास के इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रह सकती है। साथ ही धूल भरी आंधी और गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना बनी हुई है।
यूपी-बिहार के लिए अलर्ट
उत्तर प्रदेश, बिहार और राजस्थान के कई हिस्सों में भी मौसम तेजी से बदल सकता है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि कुछ इलाकों में ओलावृष्टि और तेज तूफान जैसी स्थिति बन सकती है। वहीं पहाड़ी राज्यों जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश के साथ ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है।
इन राज्यों में भी भारी बारिश का अलर्ट
दक्षिण भारत में तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी में भारी बारिश का अनुमान लगाया गया है। बंगाल की खाड़ी में सक्रिय मौसमी सिस्टम की वजह से तटीय इलाकों में समुद्र उफान पर रह सकता है। IMD ने मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह भी दी है।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि मई के दूसरे हफ्ते में एक नया पश्चिमी विक्षोभ फिर सक्रिय हो सकता है, जिससे उत्तर भारत में बारिश और तूफान का एक और दौर देखने को मिल सकता है। फिलहाल लोगों को बिजली चमकने और तेज हवाओं के दौरान खुले इलाकों से दूर रहने की सलाह दी गई है।
