देश

12 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, बंगाल की खाड़ी में फिर बन रहा चक्रवाती तूफान

  • Authored by: प्रांजुल श्रीवास्तव
  • Updated Jul 25, 2023, 11:56 AM IST

Cyclone in Bay of Bengal: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, ओडिशा के दक्षिणी हिस्से में तट के पास बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक चक्रवाती परिसंचरण बनने के बाद राज्य में भारी बारिश का अनुमान है। आईएमडी ने ओडिशा में मंगलवार और बुधवार के लिए ऑरेंट अलर्ट जारी किया है।

Image

Cyclone

Photo : BCCL

Cyclone in Bay of Bengal: बीते दिनों देश के कई हिस्सों हुई जमकर बारिश का दौर एक बार फिर से लौटने वाला है। मौसम विभाग का कहना है कि ऐसी स्थिति बंगाल की खाड़ी में पनप रहे चक्रवाती तूफान के कारण है, जिसके चलते देश के 12 राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने इसको लेकर आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और ओडिशा में भारी बारिश का अलर्ट भी जारी किया है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, ओडिशा के दक्षिणी हिस्से में तट के पास बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक चक्रवाती परिसंचरण बनने के बाद राज्य में भारी बारिश का अनुमान है। IMD ने अपने ताजा बुलेटिन में कहा है कि चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव के कारण राज्य के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इस प्रणाली के 26 जुलाई के आसपास दबाव की स्थिति के रूप में केंद्रित होने का अनुमान है।

यहां होगी जमकर बारिश

आईएमडी के ताजा बुलेटिन में कहा गया है कि मंगलवार सुबह तक मलकानगिरी, कोरापुट, नबरंगपुर, रायगड़ा, गजपति और गंजाम में भारी वर्षा (सात से 11 सेंटीमीटर) होने के आसार हैं, जबकि ओडिशा के दक्षिणी अंदरूनी इलाकों में अधिकतर स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। आईएमडी ने ओडिशा में मंगलवार और बुधवार के लिए ऑरेंट अलर्ट जारी किया है। विभाग ने बताया कि 25 जुलाई को गजपति, गंजाम, पुरी, मलकानगिरी, कोरापुट और रायगड़ा जिलों में अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा (सात से 20 सेंटीमीटर) हो सकती है। वहीं, नबरंगपुर, कालाहांडी, कंधमाल, बलांगीर, नयागढ़, खोरधा, कटक, जगतसिंहपुर और मयूरभंज जिलों में भारी वर्षा का येलो अलर्ट जारी किया है।

इन राज्यों में कहर बरपा सकती है बारिश

मौसम विभाग के मुताबिक, चक्रवाती तूफान के कारण तेलंगाना, कोंकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र, गुजरात, तटीय कर्नाटक के अलग-अलग हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश होगी। इसके अलावा हिमाचल प्रदेश, राजस्थान, पश्चिमी मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय के भी कुछ हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है।

(भाषा इनपुट के साथ )

प्रांजुल श्रीवास्तव
प्रांजुल श्रीवास्तवauthor

<p>मैं इस वक्त टाइम्स नाउ नवभारत से जुड़ा हुआ हूं। पत्रकारिता के 8 वर्षों के तजुर्बे में मुझे और मेरी भाषाई समझ को गढ़ने और तराशने में कई वरिष्ठ पत्रकारों और संपादकों का योगदान रहा। 2016 में उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से शुरू हुआ यह सफर देश की राजधानी दिल्ली में 'टाइम्स नाउ नवभारत' तक आ पहुंचा है। अखबारों में रिपोर्टिंग करते हुए शहरों की धूल फांकना और डिजिटल पत्रकारिता की बारीकियों को समझते हुए देश-विदेश की खबरों को आप तक पहुंचाने का मेरा ये सफर काफी किस्से-कहानियों से भरा हुआ है। लखनऊ की बाबा भीम राव अंबेडकर सेंट्रल यूनिवर्सिटी के क्लासरूम में प्रोफेसरों से मिले किताबी ज्ञान और पत्रकारीय सिद्धांतों को जमीन पर उतारने का मौका मुझे 2016 में ही मिल गया। पहला ब्रेक टाइम्स ग्रुप के प्रतिष्ठित अखबार 'नवभारत टाइम्स' ने दिया। यहां बतौर इंटर्न मुझे कई सामाजिक संगठनों की रिपोर्टिंग करने का मौका मिला। दिनभर शहर में घूम-घूम कर खबरों को बटोरना और शाम होते ही उन्हें लिखकर डेस्क के हवाले करना मेरी दिनचर्या का हिस्सा हो गया। इस अनुभव ने मुझे समाज के तौर तरीकों से परिचित कराया तो न्यूजरूम में सीनियर्स से मिली डांट ने पत्रकारिता की बारीकियों और भाषाई मर्यादा को समझने में मदद की। करीब 3 से 4 महीनों की इंटर्नशिप के बाद मुझे 2017 आते-आते गांधी परिवार के गढ़ रायबरेली भेजा गया। यह समय उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव और सत्ता के बदलाव का था। यहां बतौर रिपोर्टर मैं पहली बार राजनीतिक खबरों से रूबरू हुआ। रायबरेली के मिजाज को करीब 8 महीनों तक समझने के बाद नवभारत टाइम्स ने मुझे वापस लखनऊ बुलाया और शहर की रिपोर्टिंग करने का मौका दिया। यहां विज्ञान, पर्यावरण, बाजार, लखनऊ विकास प्राधिकरण, आवास विकास और मेट्रो जैसी बीट पर जमकर काम किया। यह सफर अब पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिले मुरादाबाद तक पहुंच गया था, जहां मुझे दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित अखबार के लिए दो वर्षों तक रिपोर्टिंग करने का अवसर मिला। करीब दो वर्षों की पत्रकारिता के बाद अब मुझे देश की राजधानी की ओर रुख करना था और यह मौका अमर उजाला (डिजिटल) ने दिया। अखबारों की रिपोर्टिंग से निकलकर डिजिटल पत्रकारिता के अनुभव से मैं पहली बार रूबरू हो रहा था। यहां पर मुझे मेन डेस्क पर जिम्मेदारी मिली। जहां सबसे आगे रहते हुए सबसे सटीक खबरें आप तक पहुंचाना चुनौती भरा काम था, लेकिन पत्रकारिता की शुरुआत में मिले अनुभवों ने मेरा काम आसान बना दिया। यहां भी करीब दो वर्षों के बाद 2023 में मुझे टाइम्स ग्रुप से दोबारा जुड़ने का मौका मिला और टाइम्स नाउ नवभारत की मेन डेस्क पर मेरा सफर अब तक जारी है।</p>

और पढ़ें
End of Article