नए साल में भी कड़ाके की ठंड से उत्तर भारत को राहत मिलती नहीं दिख रही है। दिल्ली, पंजाब, हरियाणा समेत कई राज्यों में कड़ाके की ठंड जारी रहेगी। ठंड और कुहासे के कारण यातायात पर भी गहरा प्रभाव पड़ा है। ट्रेन से लेकर फ्लाइट तक देरी से चल रहे हैं।
मौसम विभाग का अलर्ट
दिल्ली और पंजाब के कुछ हिस्सों में नए साल 2024 पर घने कोहरे और ठंड की स्थिति होने की संभावना है। रत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 1 जनवरी के लिए इन स्थानों पर रेड अलर्ट जारी किया है। पंजाब के अमृतसर, फतेहगढ़ साहिब, गुरदासपुर, होशियारपुर, जालंधर, कपूरथला, लुधियाना, पठानकोट, पटियाला, रूपनगर और तरनतारन जिलों में घने कोहरे के साथ 'कोल्ड डे' की स्थिति होने की संभावना है।
उत्तर प्रदेश और बिहार में भी ठंड का प्रकोप
इसके अलावा, 1 जनवरी के लिए राजस्थान, बिहार, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश में ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। मौसम एजेंसी ने घने कोहरे और ठंड से अत्यधिक ठंड की स्थिति के पूर्वानुमान पर अलर्ट जारी किया है। आईएमडी ने कहा- "31 दिसंबर 2023 की रात से 2 जनवरी 2024 की सुबह तक उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में और उसके बाद अगले 2-3 दिनों तक अलग-अलग हिस्सों में घने से बहुत घने कोहरे की स्थितिरहने की संभावना है।
गिरेगा और तापमान
हाड़ कंपा देने वाली सर्दियों से कोई राहत नहीं मिलने के कारण, नए साल की शुरुआत के साथ ही इन राज्यों में तापमान में और गिरावट आएगी। इसके अलावा, मौसम विभाग ने कहा कि जनवरी 2024 के पहले सप्ताह में पारा और गिर जाएगा, जिससे तापमान में गिरावट आएगी।
विजिबलिटी खराब
आईएमडी के पूर्वानुमान के अनुसार, कई क्षेत्रों में विजिबलिटी की स्थिति गंभीर है, अंबाला में दृश्यता मात्र 25 मीटर, बीकानेर, पटियाला और चंडीगढ़ में 50 मीटर है। इस बीच, पंजाब के अमृतसर और हरियाणा के हिसार में 200 मीटर जबकि यूपी के झांसी में 50 मीटर की दृश्यता दर्ज की गई।
