देश

हम झूठे हैं तो हम पर 1000 करोड़ रुपए का जुर्माना लगाएं, बोले योग गुरु रामदेव- पतंजलि के खिलाफ चल रहा है प्रोपगेंडा

  • Authored by: रामानुज सिंह
  • Updated Nov 22, 2023, 05:07 PM IST

Misleading Advertisement Case: विज्ञापनों में भ्रामक दावे को लेकर सुप्रीम कोर्ट की फटकार के बाद योग गुरु स्वामी रामदेव ने कहा कि पतंजलि को बदनाम करने के लिए एजेंडा और प्रोपगेंडा चल रहा है। अगर हम झूठे हैं, तो हम पर 1000 करोड़ रुपए का जुर्माना लगाएं और हम मौत की सजा के लिए भी तैयार हैं।

Image

Misleading Advertisement Case: योग गुरु बाबा रामदेव ने दिया जवाब

Photo : BCCL

Misleading Advertisement Case: सुप्रीम कोर्ट द्वारा पतंजलि आयुर्वेद को अपनी दवाओं के विज्ञापनों में भ्रामक दावे करने के खिलाफ चेतावनी देने के बाद कंपनी के सह-संस्थापक योग गुरु स्वामी रामदेव ने बुधवार को कहा कि यह उनकी कंपनी को बदनाम करने के लिए एजेंडा और प्रोपगेंडा चल रहा है। हरिद्वार में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए स्वामी रामदेव ने कहा कि कल से अलग-अलग मीडिया साइट्स पर एक खबर वायरल हो रही है कि सुप्रीम कोर्ट ने पतंजलि को फटकार लगाई है। SC ने कहा कि अगर आप गलत प्रचार करेंगे तो आप पर जुर्माना लगाया जाएगा। हम सुप्रीम कोर्ट का सम्मान करते हैं। लेकिन हम कोई गलत प्रचार नहीं कर रहे हैं।

यह दावा करते हुए कि कुछ डॉक्टरों ने योग और आयुर्वेद के खिलाफ लगातार प्रचार करने के लिए एक समूह बनाया है। रामदेव ने कहा कि अगर हम झूठे हैं, तो हम पर 1000 करोड़ रुपए का जुर्माना लगाएं और हम मौत की सजा के लिए भी तैयार हैं। लेकिन अगर हम झूठे नहीं हैं तो फिर उन लोगों को दंडित करें जो वास्तव में गलत प्रचार फैला रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि पतंजलि द्वारा जारी आयुर्वेदिक उत्पादों में सभी आवश्यक क्लीनिकल साक्ष्य हैं।

रामदेव ने कहा कि पिछले कुछ दिनों से स्वामी रामदेव और पतंजलि को निशाना बनाने के लिए दुष्प्रचार किया जा रहा है। यह सिर्फ सदियों पुरानी योग पद्धतियों को बदनाम करने के लिए है और दावा किया जा रहा है कि आयुर्वेद में ऐसा कुछ भी नहीं है और इससे आपके किडनी और लीवर जैसे अंग खराब हो जाएंगे। इससे यह साफ होता है कि यह प्रोपगेंडा है। हमारे पास अनुसंधान साक्ष्य, पूर्व और बाद के क्लीनिकल सबूत हैं। उन्होंने कहा कि पतंजलि को बदनाम करने के लिए प्रोपगेंडा चल रहा है।

सुप्रीम कोर्ट ने मंगलवार को आधुनिक चिकित्सा प्रणालियों के खिलाफ भ्रामक दावे और विज्ञापन प्रकाशित करने के लिए पतंजलि आयुर्वेद को फटकार लगाई। भ्रामक विज्ञापनों के खिलाफ इंडियन मेडिकल एसोसिएशन ने याचिका दायर की थी। जस्टिस अहसानुद्दीन अमानुल्लाह और प्रशांत कुमार मिश्रा की पीठ ने बाबा रामदेव द्वारा सह-स्थापित कंपनी को कड़ी चेतावनी जारी की।

रामानुज सिंह
रामानुज सिंहauthor

रामानुज सिंह पत्रकारिता में दो दशकों का व्यापक और समृद्ध अनुभव रखते हैं। उन्होंने टीवी और डिजिटल—दोनों ही प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, शेयर बाजार, इनकम टैक्स, बैंकिंग, बुलियन और कमोडिटी मार्केट जैसे विषयों पर गहरी विशेषज्ञता विकसित की है। जर्नलिज्म में एमए की डिग्री और वर्षों के अनुभव से विकसित विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ, रामानुज जटिल वित्तीय विषयों को सरल, विश्वसनीय और प्रभावी तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। अब तक वे 22,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article