M K Stalin : बिहार में महागठबंधन के पक्ष में चुनाव प्रचार करने आए तमिलनाडु के मुख्यमंत्री स्टालिन ने बुधवार को कहा कि 'बिहार में विधानसभा चुनाव यदि निष्पक्ष तरीके से कराया जाता है तो एनडीए की हार होनी तय है।' मुजफ्फरपुर में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए स्टालिन ने कहा कि इस बार चुनाव में भाजपा की अगुवाई वाले एनडीए की हार होनी जा रही है। स्टालिन ने राहुल गांधी और तेजस्वी यादव के साथ जीप में सवार होकर रोड शो भी किया। बिहार में इस साल अक्टूबर-नवंबर में विधानसभा चुनाव होने हैं।
‘आतंकवाद से भी अधिक खतरनाक’
द्रविड़ मुन्नेत्र कड़गम (द्रमुक) के नेता स्टालिन ने आरोप लगाया कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान बिहार की मतदाता सूची से 65 लाख मतदाताओं के नाम हटाना ‘आतंकवाद से भी अधिक खतरनाक’है। उन्होंने कहा, ‘कांग्रेस नेता राहुल गांधी और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के तेजस्वी यादव ने लोकतंत्र की रक्षा के लिए हाथ मिलाया है। बिहार में आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की हार होगी।’
राहुल गांधी डरेंगे नहीं-स्टालिन
भाजपा पर निर्वाचन चुनाव आयोग को अपनी ‘कठपुतली’बनाने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा, ‘राहुल गांधी ने निर्वाचन आयोग को बेनकाब कर दिया है, लेकिन निर्वाचन आयोग ने उनके आरोपों का जवाब नहीं दिया। आयोग ने उनसे हलफनामा दाखिल करने को कहा... राहुल गांधी डरेंगे नहीं।’
स्टालिन के साथ कनिमोई भी थीं
इससे पहले, स्टालिन और द्रमुक सांसद कनिमोई मुजफ्फरपुर जिले में कांग्रेस की 'वोटर अधिकार यात्रा' में शामिल होने के लिए बिहार पहुंचे। यात्रा में शामिल होने के तुरंत बाद, स्टालिन ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘...बिहार...आदरणीय लालू प्रसाद जी की धरती आंखों में आग लिये हुए मेरा स्वागत करती है, हर चुराये हुए वोट से बोझिल धरती। मेरे भाई राहुल गांधी, तेजस्वी यादव और बहन प्रियंका गांधी वाद्रा के साथ 'वोटर अधिकार यात्रा' में शामिल हुआ, जो लोगों के दर्द को अजेय ताकत में बदल रही है।’
‘वोट चोरी का मॉडल’ है 'गुजरात मॉडल'
लोगों को संबोधित करते हुए राहुल ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का ‘गुजरात मॉडल’कोई ‘आर्थिक मॉडल’नहीं, बल्कि ‘वोट चोरी का मॉडल’ है, जिसे 2014 में राष्ट्रीय स्तर पर लाया गया। उन्होंने ‘वोटर अधिकार यात्रा’ के दौरान मुजफ्फरपुर में एक सभा को संबोधित करते हुए यह दावा भी किया कि 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा को 300 से अधिक सीटें इसलिए मिलीं क्योंकि ‘वोट चोरी’ की गई थी।
MP, फिर महाराष्ट्र-हरियाणा में हुई वोट चोरी-राहुल
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने कहा, ‘गुजरात मॉडल कोई आर्थिक मॉडल नहीं है, यह 'वोट चोरी का मॉडल' है। इस मॉडल को ये (भाजपा) 2014 में राष्ट्रीय स्तर पर लेकर आए।’उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने पहले मध्य प्रदेश, फिर महाराष्ट्र और हरियाणा का चुनाव चोरी किया। उनका कहना था, ‘हम बोलते नहीं थे, क्योंकि सबूत नहीं था, मगर अब सबूत हमारे पास है।’ राहुल गांधी ने दावा किया, ‘2019 के चुनाव के बाद, नरेन्द्र मोदी ने नतीजे आने से पहले ही कह दिया था कि हमारी 300 सीटें आएंगी। देश के सारे सर्वेक्षण कुछ और कह रहे थे, लेकिन आखिर में उनकी 300 सीटें आईं। ये सीटें इसलिए आईं, क्योंकि 'वोट चोरी' हुई।’
