देश

'बैंक से निकाली गई पूरी रकम वापस लाएंगे, दोषी को छोड़ेंगे नहीं', IDFC फर्स्ट बैंक की धोखाधड़ी पर सदन में बोले CM सैनी

हरियाणा सरकार के बैंक खातों से फर्जी तरीके से राशि की निकासी पर विधानसभा में विपक्ष के नेता भूपिंदर सिंह हुड्डा ने सैनी सरकार को घेरा। उन्होंने पूछा कि 'इस मामले में हरियाणा सरकार ने क्या कदम उठाए हैं? धोखाधड़ी के इस मामले की जांच हुई है, इसके सभी ब्योरे हमारे पास हैं। इस मामले में कौन दोषी है, हरियाणा सरकार इसका पता लगाने में सक्षम है।'

Image

हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी।

Photo : PTI

IDFC First Bank fraud : आईडीएफसी फर्स्ट बैंक में हरियाणा सरकार के खातों से 590 करोड़ रुपए की हुई धोखाधड़ी पर राज्य के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोमवार को विधानसभा में बयान दिया। सीएम सैनी ने कहा कि 'हम इस मामले को काफी गंभीरता से ले रहे हैं। धोखाधड़ी का यह मामला हाल ही में सोशल मीडिया में सामने आया है। हमने इस मामले की गहराई से जांच कर रहे हैं। मैं सदन को भरोसा दिलाता हूं कि निकाली गई पूरी रकम वापस आएगी और दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। जांच पूरी होने के बाद ही मैं इस मामले में पूरा बयान दूंगा।'

भूपिंदर सिंह हुड्डा ने सैनी सरकार से पूछे सवाल

इससे पहले हरियाणा सरकार के बैंक खातों से फर्जी तरीके से राशि की निकासी पर विधानसभा में विपक्ष के नेता भूपिंदर सिंह हुड्डा ने सैनी सरकार को घेरा। उन्होंने पूछा कि 'इस मामले में हरियाणा सरकार ने क्या कदम उठाए हैं? धोखाधड़ी के इस मामले की जांच हुई है, इसके सभी ब्योरे हमारे पास हैं। इस मामले में कौन दोषी है, हरियाणा सरकार इसका पता लगाने में सक्षम है।'

आईडीएफसी फर्स्ट बैंक ने बयान दिया

वहीं, बैंक ने भी इस मामले में सोमवार को बयान दिया। आईडीएफसी फर्स्ट बैंक के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) वी. वैद्यनाथन ने कहा कि बैंक के कर्मचारियों और बाहरी पक्षों की मिलीभगत के जरिये हरियाणा सरकार के खातों से जुड़ी 590 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी को अंजाम दिया गया। आईडीएफसी फर्स्ट बैंक ने रविवार को खुलासा किया था कि उसके कर्मचारियों और अन्य लोगों द्वारा हरियाणा सरकार के खातों में 590 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी की गई।

आईडीएफसी फर्स्ट बैंक को डी-एम्पैनल्ड किया

शेयर बाजार खुलने से पहले निवेशकों एवं विश्लेषकों के लिए आयोजित विशेष 'कॉन्फ्रेंस कॉल’ में वैद्यनाथन ने कहा कि धोखाधड़ी के परिणामस्वरूप और किसी भी तरह के दबाव को पहले से ही पहचानने की अपनी नीतियों के अनुरूप बैंक कुछ प्रावधान करेगा। उन्होंने कहा कि हालांकि, इससे मुनाफे पर बड़ा असर पड़ने की आशंका नहीं है। उच्च शुद्ध ब्याज मुनाफा और ऋण लागत में सुधार से मदद मिलेगी। अधिकारी ने कहा, 'स्वतंत्र आधार पर हम लाभप्रदता के लिहाज से चौथी तिमाही में मजबूत प्रदर्शन की उम्मीद कर रहे थे।’ हरियाणा सरकार ने कथित धोखाधड़ी के आरोपों के मद्देनजर एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक के साथ-साथ आईडीएफसी फर्स्ट बैंक को भी सरकारी कार्यों के लिए अपनी समिति से बाहर (डी-एम्पैनल्ड) कर दिया है।

'फोरेंसिक ऑडिट चार से पांच सप्ताह में पूरा होने की उम्मीद'

एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक ने कथित तौर पर धोखाधड़ी से खाते खोलने के मामले में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी से इनकार किया है। वैद्यनाथन ने बताया कि सलाहकार कंपनी केपीएमजी द्वारा किया जा रहा स्वतंत्र 'फोरेंसिक ऑडिट’ चार से पांच सप्ताह में पूरा होने की उम्मीद है। उन्होंने कहा, 'हमने केपीएमजी को कल (रविवार) ही इसके लिए नियुक्त किया है… मेरी समझ के अनुसार ऐसी प्रक्रियाएं आमतौर पर चार-पांच सप्ताह लेती हैं।’ प्रबंध निदेशक ने कहा कि बैंक ने करीब 590 करोड़ रुपये की गड़बड़ी का आकलन किया है, जिसमें 490 करोड़ रुपये मिलान (रिकंसिलिएशन) के बाद पहचाने गए और अतिरिक्त 100 करोड़ रुपये आंतरिक जांच के दौरान स्वयं चिन्हित किए गए।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article