देश

अमेरिका और ईरान के बीच हुए समझौते का स्वागत करता हूं...Iran-US डील पर आया पीएम मोदी का पहला बयान

पीएम मोदी ने X पर लिखा- मैं पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष को समाप्त करने के लिए अमेरिका और ईरान के बीच हुए समझौते का स्वागत करता हूं।

Image

यूएस-ईरान डील पर बोले पीएम मोदी

PM Modi on Iran US Peace Deal: यूएस-ईरान समझौते पर पीएम मोदी का पहला बयान आया है। पीएम मोदी ने एक्स पर पोस्ट में इस समझौते का स्वागत किया है। पीएम मोदी ने लिखा- मैं पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष को समाप्त करने के लिए अमेरिका और ईरान के बीच हुए समझौते का स्वागत करता हूं। इस संघर्ष ने विश्व भर में गंभीर आर्थिक व्यवधान उत्पन्न किया है और कई देशों में जानमाल का नुकसान हुआ है।

भारत को आशा है कि इस समझौते के कार्यान्वयन से क्षेत्र में शांति और स्थिरता बहाल करने और नौवहन एवं व्यापार की स्वतंत्रता सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।

हम शेष मुद्दों पर विचार-विमर्श के माध्यम से एक स्थायी अंतिम समझौते तक पहुंचने की आशा करते हैं।

अमेरिका और ईरान के बीच समझौता

अमेरिका और ईरान के बीच 107 दिन तक जारी रहे युद्ध को समाप्त करने और होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने पर सहमति बन गई है। इस घटनाक्रम से वैश्विक अर्थव्यवस्था को राहत मिलने की उम्मीद है। हालांकि, इस समझौते का विस्तृत ब्योरा अभी सामने नहीं आया है। मुख्य मध्यस्थ पाकिस्तान और अमेरिका के अधिकारियों ने बताया कि समझौते पर शुक्रवार को स्विट्जरलैंड में हस्ताक्षर किए जाएंगे और इसमें ईरान के परमाणु कार्यक्रम जैसे अहम मुद्दों पर बाद में चर्चा होने की संभावना है।

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने समझौते पर सहमति बनने की पुष्टि करते हुए कहा कि उन्होंने होर्मुज जलडमरूमध्य स्थित ईरानी बंदरगाहों पर अमेरिकी नौसेना की नाकेबंदी हटाने को मंजूरी दे दी है। ट्रंप ने कहा, इस्लामिक गणराज्य ईरान के साथ समझौते को अंतिम रूप दे दिया गया है। सभी को बधाई। मैं मुक्त आवाजाही के लिए होर्मुज जलडमरूमध्य को तत्काल प्रभाव से पूरी तरह खोलने और अमेरिकी नौसैनिक नाकेबंदी हटाने की मंजूरी देता हूं।

अमेरिका ने किए ईरान से वादे

अमेरिका पहले ही संकेत दे चुका था कि होर्मुज जलडमरूमध्य के फिर से खुलने के साथ वह ईरानी बंदरगाहों पर लगी नाकेबंदी में ढील देगा। साथ ही, वह प्रतिबंधों को भी नरम करने पर सहमत होगा ताकि ईरान अधिक मात्रा में तेल बेच सके और युद्ध व प्रतिबंधों से प्रभावित अपनी अर्थव्यवस्था को मजबूती दे सके। ईरान के उप विदेश मंत्री काजेम गरीबाबादी ने सरकारी टेलीविजन पर इस समझौते पर सहमति की पुष्टि की लेकिन कहा कि ईरान शुक्रवार को औपचारिक हस्ताक्षर होने से पहले इसे लागू करना शुरू नहीं करेगा।

उन्होंने कहा कि यह सहमति मध्यस्थ की भूमिका निभा रहे कतर के एक प्रतिनिधि के साथ तेहरान में 14 घंटे से अधिक समय तक चली वार्ता के बाद बनी। ईरान के सरकारी टेलीविजन ने एक बैनर प्रसारित किया, जिस पर लिखा था, अमेरिका युद्ध समाप्त करने के समझौते पर हस्ताक्षर करने के लिए मजबूर हुआ। वार्ता प्रक्रिया से अलग-थलग पड़े इजराइल द्वारा बेरूत के दक्षिणी उपनगरों पर हमले किए जाने के एक दिन बाद पाकिस्तान ने इस समझौते की घोषणा की।

इजराइल ने ईरान समर्थित हिजबुल्ला के खिलाफ अभियान के तहत बेरूत पर हमले किए थे। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने कहा, दोनों पक्षों ने लेबनान समेत सभी मोर्चों पर सैन्य अभियानों को तत्काल और स्थायी रूप से समाप्त करने की घोषणा कर दी है। उन्होंने कहा कि मध्यस्थ देश इस सप्ताह बैठकों की व्यवस्था करेंगे ताकि तकनीकी स्तर की वार्ताओं की नींव रखी जा सके।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article