राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत (Ashok Gehlot) ने ऐसी बात बोल दी है, जिससे सचिन पायलट खुश हो जाएंगे। हालांकि नियम और शर्तें वाली सिस्टम यहां भी लागू है। सीएम अशोक गहलोत ने सोमवार को कहा कि उनका मन करता है कि सीएम की कुर्सी वो छोड़ दें, लेकिन एक खास वजह से वो इसे छोड़ नहीं पा रहे हैं। साथ ही अशोक गहलोत ने खुद को पीएम मोदी (PM Modi) से बड़ा फकीर बताया।
क्या कहा अशोक गहलोत ने
गहलोत ने सोमवार को कहा कि वो कई बार सोचते हैं कि मुख्यमंत्री पद छोड़ दें, लेकिन यह पद उन्हें नहीं छोड़ रहा है। गहलोत ने कहा- "अगर मैंने यह बात बोली तो मैंने सोच-समझकर बोली। ...मन में आता है कई बार कि यह पद छोड़ दूं ...क्यों आता है, वह एक रहस्य है। लेकिन हाईकमान जो फैसला करेगा, वह मुझे मंजूर होगा। यह कहने की हिम्मत होनी चाहिए कि मैं पद छोड़ना चाहता हूं, पर यह पद मुझे नहीं छोड़ रहा है।"
पीएम मोदी पर बड़ा हमला
इस दौरान अशोक गहलोत ने पीएम मोदी पर भी जबरदस्त तरीके से हमला बोला। उन्होंने दावा किया कि वो पीएम मोदी से भी ज्यादा फकीर है। उन्होंने कहा- मोदी जी अपने बारे में कहते हैं कि मैं फकीर हूं... लेकिन मोदी जी, मैं आपसे बड़ा फकीर हूं। आपने गौर किया होगा कि मोदी जी एक परिधान को दुबारा नहीं पहनते। दिन में वह दो-तीन बार ड्रेस बदलते होंगे। मेरी ड्रेस वही रहती है...तो मैं उनसे बड़ा फकीर नहीं हूं क्या? मैंने जिंदगी में एक भूखंड तक नहीं खरीदा, एक फ्लैट तक नहीं खरीदा, एक ग्राम सोना तक नहीं खरीदा ... क्या मुझसे बड़े फकीर होंगे वह?"
