देश

CM पद गया और राज्यसभा का ऑफर भी छोड़ा; विनम्रता से सिद्दारमैया ने छोड़ दी कुर्सी, आलाकमान को कहा- थैंक्यू

Karnataka Power Tussle: कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्दारमैया ने गुरुवार को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने बताया कि कांग्रेस आलाकमान ने उनको जो कहा, उन्होंने वैसा किया। साथ ही उन्होंने बताया कि उन्हें राज्यसभा सीट की पेशकश की गई।

Image

सिद्दारमैया ने मुख्यमंत्री पद से दिया इस्तीफा (फाइल फोटो साभार: @siddaramaiah)

Photo : Twitter

Karnataka Power Tussle: कर्नाटक का सियासी नाटक अंतत: समाप्त हो गया। सिद्दारमैया ने गुरुवार को विनम्रता पूर्वक मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। इसी के साथ शिवकुमार की ताजपोशी का रास्ता साफ हो गया। सिद्दारमैया ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पूर्व अध्यक्षा सोनिया गांधी और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को धन्यवाद कहा।

सिद्दारमैया ने कहा कि मुझे दो बार कर्नाटक के लोगों की सेवा करने का मौका मिला, मैं सोनिया गांधी, राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे को धन्यवाद देता हूं। पिछले दो दिनों से सियासी गलियारों में सिद्दारमैया के राज्यसभा जाने की अटकलें लग रही थी, लेकिन सिद्दारमैया ने राज्यसभा जाने से खुद इनकार कर दिया।

तो क्या दिल्ली नहीं जाएंगे सिद्दारमैया?

सिद्दारमैया ने बताया कि कांग्रेस आलाकमान ने उन्हें राज्यसभा सीट की पेशकश की है, लेकिन मैंने विनम्रतापूर्वक इसे अस्वीकार कर दिया। सिद्दारमैया ने बताया कि उन्हें राष्ट्रीय राजनीति में कोई दिलचस्पी नहीं है। उन्होंने कहा कि मैं राज्य की राजनीति में बना रहूंगा, क्योंकि विधायक के रूप में मेरा कार्यकाल अभी दो साल बाकी है। उन्होंने कहा कि मैं संविधान के खिलाफ काम करने वालों के खिलाफ लड़ूंगा।

उन्होंने बताया कि कांग्रेस आलाकमान ने उन्हें जो कुछ कहा, उन्होंने वैसा किया। सिद्दारमैया ने कहा, ''मैंने बार-बार कहा था कि जब भी आलाकमान मुझे मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने को कहेगा, मैं इस्तीफा दे दूंगा... आलाकमान ने मुझे दो दिन पहले पद छोड़ने का निर्देश दिया था, जिसके अनुसार मैंने आज अपना इस्तीफा सौंप दिया।''

राज्यपाल के सचिव को सौंपा इस्तीफा

इससे पहले, सिद्दारमैया मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के लिए बेंगलुरु स्थित राजभवन पहुंचे, जहां उन्होंने राज्यपाल के विशेष सचिव को अपना इस्तीफा सौंपा। सिद्दारमैया ने बताया कि मैंने अपना इस्तीफा राज्यपाल के कार्यालय को सौंप दिया है। राज्यपाल यहां नहीं हैं, वह आज रात को लौट रहे हैं। इसलिए, मैंने इस्तीफा उनके कार्यालय में जमा कर दिया।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article