दिल्ली में कुछ दिन पहले एक पुलिस कांस्टेबल ने कथित तौर पर अपनी पत्नी की बीच सड़क पर हत्या कर दी थी। जिसके बाद से ही वह फरार चल रहा था। अब इस मामले में बड़ी खबर सामने आई है। पुलिस को आरोपी दिल्ली कांस्टेबल मनीष भाटी का शव संदिग्ध हालत में मयूर विहार इलाके से मिला है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि उसने अपनी सर्विस पिस्टल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या की। लेकिन मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। घटना के बाद पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
क्राउन प्लाजा होटल के पास पार्क में मिला शव
पुलिस के अनुसार, मंगलवार शाम करीब 6 बजे राहगीरों ने मयूर विहार स्थित क्राउन प्लाजा होटल के पीछे स्थित एक पार्क में खून से लथपथ शव पड़ा हुआ देखा। उन्होंने तुरंत इसकी जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस को घटनास्थल से शव के पास से मनीष की सर्विस पिस्टल भी मिली। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पत्नी की हत्या के बाद से था फरार
मनीष भाटी पर अपनी पत्नी प्रियंका भाटी की हत्या का आरोप था। जानकारी के अनुसार, उसने अपनी पत्नी के जन्मदिन के दिन ही उसे मौत के घाट उतार दिया। इस घटना के बाद से ही वह फरार चल रहा था। दिल्ली पुलिस की कई टीमें उसकी तलाश में जुटी हुई थीं। पुलिस दिल्ली, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद और आसपास के इलाकों में उसकी तलाश कर रही थी।
सड़क पर पत्नी को मारी थी गोली
पुलिस जांच के अनुसार, सोमवार तड़के मनीष अपनी पत्नी प्रियंका के साथ स्कूटर से निकला था। दोनों के बीच रास्ते में किसी बात को लेकर विवाद हुआ। कल्याणपुरी इलाके में एलबीएस अस्पताल के पास बहस बढ़ने पर मनीष ने कथित तौर पर अपनी सर्विस पिस्टल से प्रियंका को गोली मार दी और मौके से फरार हो गया। राहगीरों ने प्रियंका को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
लंबे समय से चल रहा था पारिवारिक विवाद
पुलिस की प्रारंभिक जांच और परिवार से पूछताछ में पता चला है कि मनीष और प्रियंका के बीच लंबे समय से घरेलू विवाद जारी था। सूत्रों के अनुसार, दोनों के बीच पहले भी अलगाव हो चुका था और करीब एक साल पहले समझौता भी हुआ था। जिसके बाद प्रियंका दोबारा मनीष के साथ रहने लगी थीं।
2022 में हुई थी शादी
मनीष भाटी मूल रूप से गौतमबुद्ध नगर का रहने वाला था, वह पूर्वी विनोद नगर में रहता था। साल 2022 में वह दिल्ली पुलिस में भर्ती हुआ था। पहले स्पेशल सेल में तैनात रहने के बाद उसकी ड्यूटी पूर्वी जिले की एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वॉड (AATS) में लगी। उसकी पत्नी प्रियंका एक निजी स्कूल में टीचर थी। दोनों की शादी वर्ष 2022 में हुई थी।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों घटनाओं को जोड़कर पूरे मामले की जांच की जा रही है। मनीष और प्रियंका के परिजनों, दोस्तों और सहकर्मियों से पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
