देश

NCP विलय का विरोध कर रही BJP? देवेंद्र फडणवीस ने तोड़ी चुप्पी; बोले- 12 फरवरी के बारे में नहीं पता

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने राकांपा के विलय के विषय पर खुलकर बात की और कहा कि राकांपा एक स्वतंत्र पार्टी है और अपने फैसले खुद करती है। साथ ही उन्होंने कहा कि भाजपा ने किसी राकांपा के विलय के मुद्दे का विरोध नहीं किया।

Image

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस (फोटो साभार: @Dev_Fadnavis)

Photo : Twitter

Ajit Pawar Plane Crash: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने रविवार को कहा कि अगर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के विलय की चर्चाएं अंतिम चरण में होतीं, तो दिवंगत अजित पवार ने उन्हें इसके बारे में जरूर बताया होता। फडणवीस ने मुंबई में संवाददाताओं से कहा कि उपमुख्यमंत्री अजित पवार सभी तरह की जानकारी उनके साथ साझा करते थे।

चाचा शरद संग अजित पवार ने की थी बैठक

राकांपा (शप) के प्रमुख शरद पवार ने शनिवार को कहा कि उनके भतीजे एवं राकांपा नेता अजित पवार ने दोनों गुटों के बीच 'विलय' की घोषणा के लिए 12 फरवरी की तारीख तय कर ली थी, लेकिन अब उनकी (अजित पवार) मौत के कारण विलय की प्रक्रिया में बाधा आ सकती है। अजित पवार और शरद पवार के बीच 17 जनवरी को हुई बैठक का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।

फडणवीस ने क्या कुछ कहा?

हालांकि, फडणवीस ने रविवार को कहा कि उन्हें अजित पवार की चाचा शरद पवार के साथ हुई बातचीत की जानकारी नहीं है और उन्हें 12 फरवरी की तारीख के बारे में भी नहीं पता। मुख्यमंत्री ने कहा, ''क्या राकांपा के विलय की बातचीत हमारी जानकारी के बिना अंतिम रूप ले सकती है? हमें 12 फरवरी की उस तारीख की जानकारी नहीं है जिसे विलय की औपचारिक घोषणा की तारीख बताया जा रहा है।''

क्या BJP कर रही NCP विलय का विरोध

फडणवीस ने कहा कि राकांपा एक स्वतंत्र पार्टी है, जो अपने फैसले खुद लेती है, लेकिन भाजपा की सहयोगी होने के नाते, उससे आगे बढ़ने से पहले भाजपा से परामर्श करने की उम्मीद की जाती है। भाजपा द्वारा राकांपा के दोनों गुटों के विलय का विरोध किए जाने की खबरों के बारे में पूछे जाने पर फडणवीस ने कहा कि उनकी पार्टी ने किसी का विरोध नहीं किया है।

फडणवीस ने कहा, ''अगर अजित पवार विलय पर काम कर रहे थे, तो क्या वह भाजपा को विश्वास में लिए बिना ऐसा करते? क्या वह राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) छोड़ने की तैयारी कर रहे थे, जहां वह स्थिर थे? वह मुझसे सभी जानकारी साझा करते थे।''

सुनेत्रा पवार को नहीं मिले अजित दादा वाले मंत्रालय

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के दिवंगत अध्यक्ष अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार (62) ने शनिवार को मुंबई में एक समारोह में महाराष्ट्र की पहली महिला उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सुनेत्रा पवार को आबकारी, खेल, अल्पसंख्यक विकास और वक्फ विभाग आवंटित किए हैं। हालांकि, उन्हें वित्त और योजना विभाग नहीं दिए गए, जो उनके दिवंगत पति अजित पवार के पास थे।

सुनेत्रा पवार ने ली डिप्टी सीएम पद की शपथ

राज्यसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे चुकीं सुनेत्रा को मुंबई में लोक भवन में आयोजित एक संक्षिप्त समारोह में राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। अजित पवार की बुधवार को एक विमान दुर्घटना में मौत हो गई थी। राज्य के वित्त विभाग को अपने पास रखने के बारे में पूछे जाने पर, फडणवीस ने कहा कि उन्होंने राकांपा नेताओं से इस बारे में बात की थी।

फडणवीस पेश करेंगे बजट

फडणवीस ने कहा, ''मैं राज्य का बजट पेश करूंगा। बजट केवल भाषण देने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें कई विभागीय बैठकें शामिल होती हैं। सुनेत्रा पवार के लिए इतनी बड़ी जिम्मेदारी तुरंत उठाना संभव नहीं था, और उनसे इसकी अपेक्षा करना गलत है। हम बजट सत्र के बाद (वित्त विभाग पर) निर्णय लेंगे।''

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article