देश

मैं माफी मांगता हूं...अपने मंत्री की किस गलती पर सीएम विजय ने विधानसभा में जताया खेद?

चुनाव रणनीति का जिक्र करते हुए मंत्री रंजीत कुमार ने डीएमके के संस्थापक और पूर्व मुख्यमंत्री एम. करुणानिधि को "कलैग्नार" या पूर्व मुख्यमंत्री कहने के बजाय सीधे केवल करुणानिधि कहकर संबोधित कर दिया।

Image

सीएम विजय ने विधानसभा में मांगी माफी

CM Vijay : तमिलनाडु विधानसभा में सोमवार को उस समय भारी हंगामा खड़ा हो गया, जब राज्य सरकार के एक मंत्री ने पूर्व मुख्यमंत्री और डीएमके के दिवंगत नेता एम. करुणानिधि को उनके पारंपरिक सम्मानजनक संबोधन के बिना केवल उनके नाम से पुकार दिया। इसके विरोध में विपक्षी दल डीएमके (DMK) के विधायकों ने सदन में जोरदार प्रदर्शन किया। स्थिति बिगड़ते देख मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने तुरंत हस्तक्षेप करते हुए मंत्री की ओर से सदन में माफी मांगी।

कैसे शुरू हुआ विवाद?

विधानसभा में स्वास्थ्य और राजस्व विभाग के अनुदान मांगों पर चर्चा चल रही थी। भाषण के दौरान वन मंत्री आर. वी. रंजीत कुमार पिछली सरकारों के 'कैश-फॉर-वोट' प्रथा और विवादित 'तिरुमंगलगम फॉर्मूले' की आलोचना कर रहे थे। उन्होंने कहा कि 2026 में उनकी सरकार बिना कोई पैसा बांटे सत्ता में आई है। चुनाव रणनीति का जिक्र करते हुए मंत्री रंजीत कुमार ने डीएमके के संस्थापक और पूर्व मुख्यमंत्री एम. करुणानिधि को "कलैग्नार" या पूर्व मुख्यमंत्री कहने के बजाय सीधे केवल करुणानिधि कहकर संबोधित कर दिया।

डीएमके का हंगामा और स्पीकर का फैसला

तमिलनाडु विधानसभा की लंबे समय से यह परंपरा रही है कि दिग्गज और सम्मानित नेताओं का नाम पूरे सम्मान और प्रोटोकॉल के साथ लिया जाता है। मंत्री के बयान के तुरंत बाद पूर्व मंत्री के. के. एस. एस. आर. रामचंद्रन के नेतृत्व में डीएमके विधायकों ने इसे संसदीय मर्यादा का उल्लंघन बताते हुए जोरदार हंगामा शुरू कर दिया। मामले को गंभीर होता देख विधानसभा अध्यक्ष जे. सी. डी. प्रभाकर ने मंत्री के इस बयान को सदन की कार्यवाही से हटा दिया।

मुख्यमंत्री विजय का हस्तक्षेप और माफी

हंगामे के बीच मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने वन मंत्री को भाषण देने से बीच में ही रोक दिया। मुख्यमंत्री विजय ने स्वीकार किया कि दिवंगत नेता को इस तरह से संबोधित करना गलत था। सीएम विजय ने सदन में कहा, आपके नेता का नाम इस प्रकार लेना गलत था। मैं मंत्री की ओर से आप सभी से माफी मांगता हूं। मुख्यमंत्री के तुरंत हस्तक्षेप और माफी मांगने के बाद विपक्ष का विरोध शांत हुआ और विधानसभा की कार्यवाही आगे बढ़ सकी।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article