Mann Ki Baat: मन की बात के 123वें एपिसोड में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज कई मुद्दों को देशवासियों के सामने रखा। पीएम मोदी ने कहा कि विश्व स्वास्थ संगटन (WHO) ने भारत को ट्रेकोमा मुक्त देश घोषित किया है। यह हमारे स्वास्थ्य कर्मियों की सफलता है। 'जल जीवन' मिशन ने इसमें योगदान दिया है।
64 फीसदी लोगों को सामाजिक सुरक्षा का लाभ
पीएम मोदी ने कहा, अंतरराष्ट्रीय श्रम संगठन ने कहा है कि 64 प्रतिशत से अधिक भारतीय आबादी को किसी न किसी रूप में सामाजिक सुरक्षा का लाभ मिल रहा है। 95 करोड़ से अधिक भारतीय अब किसी न किसी सामाजिक सुरक्षा योजना से लाभान्वित हो रहे हैं, 2015 में सरकारी योजनाएं 25 करोड़ से भी कम लोगों तक पहुंचीं।
आपातकाल का किया जिक्र
मन की बात के 123वें एपिसोड में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, मोरारजी देसाई ने आपातकाल का संक्षेप में वर्णन किया...आपातकाल लगाने वालों ने न केवल लोकतंत्र की हत्या की, बल्कि उनकी मंशा न्यायपालिका को अपनी कठपुतली बनाए रखने की थी... 'मीसा' के तहत किसी को भी मनमाने ढंग से गिरफ्तार किया जा सकता था, लोगों पर अत्याचार किए जा सकते थे... भारतीयों ने लोकतंत्र से समझौता करने से इनकार कर दिया। आखिरकार, लोगों की जीत हुई और आपातकाल हटा लिया गया। बाबू जगजीवन राम ने इस बारे में बहुत दमदार तरीके से बात की।
नरेंद्र मोदी ने कहा, कुछ दिन पहले देश में आपातकाल लागू हुए 50 साल पूरे हुए और हम देशवासियों ने 'संविधान हत्या दिवस' मनाया। हमें उन लोगों को याद करना चाहिए जिन्होंने आपातकाल के खिलाफ बहादुरी से लड़ाई लड़ी। यह हमें अपने संविधान की रक्षा के लिए सतर्क रहने की प्रेरणा देता है।
छत्रपति संभाजी नगर जिले का पाटोदा गांव कार्बन न्यूट्रल
मन की बात के 123वें एपिसोड में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा,"छत्रपति संभाजी नगर जिले में पाटोदा एक ग्राम पंचायत है, जो कार्बन न्यूट्रल है। यहां कोई भी अपने घर के बाहर कचरा नहीं फेंकता...नदी में छोड़े जाने से पहले अपशिष्ट जल का उपचार किया जाता है। अंतिम संस्कार गाय के गोबर के उपलों से किया जाता है और राख का उपयोग मृतक के नाम पर एक पेड़ लगाने के लिए किया जाता है। यहां की सफाई सराहनीय है।
'मिशन फॉर मिलियन ट्रीज'
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, अहमदाबाद में नगर निगम लाखों पेड़ लगाने के उद्देश्य से 'मिशन फॉर मिलियन ट्रीज' चला रहा है। यह जंगल ऑपरेशन सिंदूर के नायकों को समर्पित है। यह पेड़ उन बहादुर आत्माओं को समर्पित हैं जिन्होंने ऑपरेशन सिंदूर में अपना सब कुछ समर्पित कर दिया... एक और पहल जोर पकड़ रही है - 'एक पेड़ मां के नाम' और इस अभियान के तहत लाखों पेड़ लगाए जा चुके हैं। आप भी एक पेड़ जरूर लगाएं, पानी बचाएं, धरती की सेवा करें।
पुणे के रमेश खरमाले बना रहे ऑक्सीजन पार्क
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, पुणे के रमेश खरमाले अपने परिवार के साथ जुन्नार की पहाड़ियों पर जाते थे, झाड़ियां साफ करते थे, पानी बचाने के लिए गड्ढे खोदते थे और बीज बोते थे। सिर्फ दो महीने में उन्होंने 70 गड्ढे बना दिए, कई तालाब बना दिए...वे ऑक्सीजन पार्क भी बना रहे हैं और इसका नतीजा यह हुआ है कि पक्षी वापस आ रहे हैं, वन्यजीवों का कायाकल्प हो रहा है।
