देश

CBI की चार्जशीट पर क्या कुछ बोले सत्यपाल मलिक? जानें क्या है पूरा माजरा

CBI Chargesheet: जम्मू-कश्मीर के पूर्व राज्यपाल सत्यपाल मलिक ने कहा कि मैं पिछले लगभग 2 सप्ताह से अस्पताल में भर्ती हूं और अभी दो दिन पहले सीबीआई ने मेरे ऊपर चार्जशीट दाखिल की है। उन्होंने कहा कि सरकारी एजेंसियां सीबीआई, ईडी अगर आप ईमानदार हो तो आप देशवासियों को बताओ कि मेरी संपत्ति कितनी बढ़ी है।

Image

जम्मू-कश्मीर के पूर्व राज्यपाल सत्यपाल मलिक (फोटो साभार: @SatyapalMalik6)

Photo : Twitter

CBI Chargesheet: जम्मू-कश्मीर के पूर्व राज्यपाल सत्यपाल मलिक ने सीबीआई द्वारा दाखिल की गई चार्जशीट पर रविवार को अपनी प्रतिक्रिया दी। पिछले दो हफ्ते से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का सामना कर रहे सत्यपाल मलिक राष्ट्रीय राजधानी के राममनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती है। उन्होंने कहा कि वह सीबीआई की चार्जशीट से डरने वाले नहीं हैं।

पूर्व राज्यपाल ने क्या कुछ कहा

पूर्व राज्यपाल सत्यपाल मलिक ने सोशल मीडिया 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा कि मैं पिछले लगभग 2 सप्ताह से अस्पताल में भर्ती हूं और अभी दो दिन पहले सीबीआई ने मेरे ऊपर चार्जशीट दाखिल की है। मैं अपने देशवासियों को बताना चाहता हूं कि मैं किसान का बेटा हूं और किसान मसीहा स्वर्गीय चौधरी चरण सिंह जी द्वारा स्थापित सिद्धांतों का पालन करते हुए अपने राजनीतिक जीवन में पूर्ण ईमानदार रहा हूं। इस चार्जशीट से डरने वाला नहीं हूं।

पूर्व राज्यपाल ने उठाए सवाल

उन्होंने कहा कि सरकारी एजेंसियां सीबीआई, ईडी अगर आप ईमानदार हो तो आप देशवासियों को बताओ कि मेरी संपत्ति कितनी बढ़ी है, अगर मेरी संपत्ति नहीं बढ़ी है तो मेरे ऊपर झूठा लांछन मत लगाओ। सच्चाई तो यह है कि मैं एक कमरे के मकान में रह रहा हूं और मैं खुद कर्ज में हूं।

CBI ने आरोप पत्र किया दाखिल

सीबीआई ने हाल ही में किरू जलविद्युत परियोजना में 2,200 करोड़ रुपये के सिविल कार्यों के ठेके में कथित भ्रष्टाचार के सिलसिले में पूर्व राज्यपाल सत्यपाल मलिक और सात अन्य लोगों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया।

इस पर अधिकारियों ने बताया था कि आरोपपत्र में जिन अन्य लोगों के नाम हैं उनमें 'चेनाब वैली पावर प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड' के तत्कालीन प्रबंध निदेशक एमएस बाबू, कंपनी के निदेशकों अरुण कुमार मिश्रा व एम.के. मित्तल, निर्माण कंपनी 'पटेल इंजीनियरिंग लिमिटेड' के प्रबंध निदेशक रूपेन पटेल और कंवलजीत सिंह दुग्गल नाम का व्यक्ति शामिल है।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article