हैदराबाद एयरपोर्ट को मिली अंतरराष्ट्रीय उड़ानों समेत तीन फ्लाइट्स को बम से उड़ाने की धमकी, तलाशी ली गई
- Edited by: Nitin Arora
- Updated Dec 8, 2025, 11:31 AM IST
हवाई अड्डे पर सभी उड़ानें सुरक्षित उतारी गईं हैं। जिन दोनों अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को भी धमकी दी गई थी वह भी सोमवार तड़के यहां उतरीं। बताया गया कि तीनों विमानों के लिए मानक सुरक्षा प्रोटोकॉल शुरू किए गए। मानक सुरक्षा प्रोटोकॉल में विमान को अलग रखना, सामान और यात्रियों की जांच करना, अग्निशमन गाड़ियों को तैयार रखना और खोजी कुत्तों की सेवाएं लेना शामिल हैं।
हैदराबाद हवाई अड्डे को तीन उड़ानों में बम होने की धमकी मिली (PTI)
Hyderabad Airport News: हैदराबाद के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर विभिन्न शहरों से आने वाली तीन उड़ानों को बम से उड़ाने की धमकी मिली है, जिनमें दो अंतरराष्ट्रीय उड़ानें भी शामिल हैं। सूत्रों ने यह जानकारी दी। बताया गया कि हवाई अड्डे को रविवार देर रात को हीथ्रो से ब्रिटिश एयरवेज (BA 277), फ्रैंकफर्ट से लुफ्थांसा (LH 752) और कन्नूर से इंडिगो के 6E 7178 के संबंध में ईमेल प्राप्त हुए।
हवाई अड्डे के सूत्रों ने बताया कि सभी उड़ानें सुरक्षित उतारी गईं। दोनों अंतरराष्ट्रीय उड़ानें सोमवार तड़के यहां उतरीं। सूत्रों ने कहा, 'तीनों विमानों के लिए मानक सुरक्षा प्रोटोकॉल शुरू किए गए।' सूत्रों ने बताया कि मानक सुरक्षा प्रोटोकॉल में विमान को अलग रखना, सामान और यात्रियों की जांच करना, अग्निशमन गाड़ियों को तैयार रखना और खोजी कुत्तों की सेवाएं लेना शामिल हैं।
कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला
अधिकारियों ने इन प्लेन की तलाशी ली, लेकिन कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। ऐसे में उम्मीद है कि ये बम की धमकियां फेक हो सकती हैं। एयरपोर्ट पर एक हफ्ते से भी कम समय में यह तीसरी ऐसी धमकी है। वहीं, ताजा थ्रेट ईमेल के सोर्स की जांच चल रही है, और जल्द ही और डिटेल्स मिल सकती हैं।
हैदराबाद एयरपोर्ट को एक हफ्ते में कई धमकियां मिलीं
पिछले सप्ताह भी हैदराबाद के इस हवाई अड्डे को दुबई-हैदराबाद अमीरात उड़ान और इंडिगो की मदीना-हैदराबाद तथा शारजाह-हैदराबाद उड़ानों के लिए बम की धमकी भरे अलग-अलग ईमेल प्राप्त हुए थे। मदीना से हैदराबाद आ रहे विमान का मार्ग परिवर्तित कर उसे अहमदाबाद ले जाया गया था।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।