बिहार में हुए हालिया विधानसभा चुनाव में राजग की बहुमत से जीत के बाद केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि राजग सरकार बिहार में सुशासन सुनिश्चित करने के लिए और मजबूती से काम करेगी। अमित शाह का यह बयान तब आया जब बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी उनसे मिलने पहुंचे थे। सम्राट चौधरी से मुलाकात के बाद गृहमंत्री शाह ने नीतीश कुमार के नेतृत्व की सरहना करते हुए अपने आधिकारिक 'एक्स' हैंडल पर यह टिप्पणी की।
अमित शाह ने और क्या कहा?
अमित शाह ने कहा कि बिहार की जनता ने राजग को भारी बहुमत दिया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में, सरकार सुशासन सुनिश्चित करने और विकसित बिहार के 'विजन' को आगे बढ़ाने के लिए और अधिक मजबूती से काम करेगी।
इस कारण दिल्ली मिलने पहुंचे थे सम्राट चौधरी
बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी आज राजधानी दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मिलने पहुंचे थे। इस दौरान दोनों नेताओं ने राज्य के विकास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की।
इस बार भी डिप्टी सीएम बनाए गए हैं सम्राट चौधरी
बता दें कि हाल ही में हुए बिहार विधानसभा चुनावों में राज्य की 243 सीटों में राजग ने 202 सीटों पर कब्जा जमाया है। वहीं, राजग की 202 सीटों में से भाजपा 89 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। इस बार नीतीश कुमार के नए मंत्रिमंडल में भाजपा के 14 मंत्री बनाए गए हैं। वहीं, पिछली कैबिनेट में उपमुख्यमंत्री रहे चौधरी को इस बार भी उपमुख्यमंत्री बनाया गया है।
