देश

65 साल में हिंदुओं की आबादी 7.8 फीसदी घटी, मुस्लिमों की आबादी में 43 प्रतिशत इजाफा, पीएम पैनल की रिपोर्ट

भारत में जनगणना आखिरी बार 2011 में हुई थी, अगली जनगणना एक दशक में होनी थी, लेकिन इसमें देरी हो रही है। EAC-PM पेपर ने बहुसंख्यक और अल्पसंख्यक आबादी के रुझान में वैश्विक रुझान देखने के लिए 167 देशों का भी अध्ययन किया।

Image

हिंदुओं की आबादी घटी

Hindu vs Muslim Population: पीएम आर्थिक सलाहकार परिषद ने देश में हिंदुओं और मुस्लिमों की आबादी को लेकर रिपोर्ट जारी की है। इसके अनुसार, 1950 और 2015 के बीच 65 साल में बहुसंख्यक हिंदू आबादी में 7.82% की गिरावट आई है। हिंदुओं की हिस्सेदारी 84.68% से घटकर 78.06% हो गई। जबकि मुस्लिम आबादी में 43.15% की बढ़ोतरी हुई है। कुल आबादी में मुस्लिमों की हिस्सेदारी 9.84% से बढ़कर 14.09% हो गई।

अल्पसंख्यकों की भी आबादी बढ़ी

प्रधानमंत्री ईएसी-पीएम (EAC-PM) सदस्य शमिका रवि, सलाहकार अपूर्व कुमार मिश्रा और यंग प्रोफेशनल अब्राहम जोस द्वारा लिखित पेपर में कहा गया है कि इस अवधि के दौरान ईसाई आबादी का हिस्सा 2.24% से बढ़कर 5.38% हो गया। इसी तरह सिख आबादी में 6.58% की बढ़ोतरी हुई है। सिखो की हिस्सेदारी 1950 में 1.24% से बढ़कर 2015 में 1.85% हो गई। यहां तक कि बौद्ध आबादी की हिस्सेदारी में भी 0.05% से 0.81% की बढ़ोतरी देखी गई। दूसरी ओर, भारत की जनसंख्या में जैनियों की हिस्सेदारी 1950 में 0.45% से घटकर 2015 में 0.36% हो गई। भारत में पारसी आबादी की हिस्सेदारी में 85% की भारी गिरावट देखी गई, जो 1950 में 0.03% से घटकर 2015 में 0.004% हो गई।

भारत में आखिरी बार जनगणना 2011 में हुई

भारत में जनगणना आखिरी बार 2011 में हुई थी, अगली जनगणना एक दशक में होनी थी, लेकिन इसमें देरी हो रही है। EAC-PM पेपर ने बहुसंख्यक और अल्पसंख्यक आबादी के रुझान में वैश्विक रुझान देखने के लिए 167 देशों का भी अध्ययन किया। भारतीय उपमहाद्वीप पर, रिपोर्ट में पाया गया कि मालदीव को छोड़कर सभी मुस्लिम बहुसंख्यक देशों में बहुसंख्यक धार्मिक संप्रदाय की हिस्सेदारी में वृद्धि देखी गई। जहां बहुसंख्यक समूह (शफ़ीई सुन्नियों) की हिस्सेदारी में 1.47% की गिरावट आई। बांग्लादेश में, बहुसंख्यक धार्मिक समूह की हिस्सेदारी में 18% की वृद्धि हुई, जो भारतीय उपमहाद्वीप में इस तरह की सबसे बड़ी वृद्धि है।

नेपाल में हिंदू, म्यांमार में बौद्ध घटे

1971 में बांग्लादेश के निर्माण के बावजूद पाकिस्तान में बहुसंख्यक धार्मिक संप्रदाय (हनफ़ी मुस्लिम) की हिस्सेदारी में 3.75% की वृद्धि और कुल मुस्लिम आबादी की हिस्सेदारी में 10% की बढ़ोतरी देखी गई। गैर-मुस्लिम बहुसंख्यक देशों में म्यांमार, भारत और नेपाल में बहुसंख्यक धार्मिक संप्रदाय की हिस्सेदारी में गिरावट देखी गई। म्यांमार में थेरवाद बौद्ध आबादी की हिस्सेदारी में 10% की गिरावट के साथ इस क्षेत्र में बहुसंख्यक धार्मिक समूह की सबसे बड़ी गिरावट देखी गई। नेपाल में बहुसंख्यक हिंदू आबादी की हिस्सेदारी में 4% की गिरावट आई, बौद्ध आबादी की हिस्सेदारी में 3% की गिरावट आई जबकि मुस्लिम आबादी में 2% की बढ़ोतरी हुई।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!