देश

Himachal Pradesh CM Resign: विधायकों की बगावत के बाद हिमाचल सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने की इस्तीफे की पेशकश, अब कांग्रेस आलाकमान करेगा फैसला

  • Authored by: शिशुपाल कुमार
  • Updated Feb 28, 2024, 01:17 PM IST

Himachal Pradesh CM Resign: बुधवार को विधायकों की नाराजगी पर बात ही चल रही थी कि कांग्रेस के कद्दावर नेता विक्रमादित्य सिंह ने मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने साफ कर दिया कि वो सूक्खू के साथ काम नहीं कर सकते हैं।

Image

हिमाचल सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने की इस्तीफे की पेशकश

Himachal Pradesh CM Resign: हिमाचल प्रदेश में जारी राजनीतिक संकट के बीच मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कांग्रेस आलाकमान के सामने इस्तीफे की पेशकश कर दी है। राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस के 6 विधायकों के क्रॉस वोटिंग के बाद से विधायकों की नाराजगी सामने आई थी। जिसके बाद कहा जा रहा था कि कांग्रेस के विधायक सुक्खू से नाराज हैं और सीएम बदलना चाहते हैं।

विक्रमादित्य सिंह ने मंत्री पद से दे दिया था इस्तीफा

बुधवार को विधायकों की नाराजगी पर बात ही चल रही थी कि कांग्रेस के कद्दावर नेता विक्रमादित्य सिंह ने मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने साफ कर दिया कि वो सूक्खू के साथ काम नहीं कर सकते हैं। जिसके बाद खबर आई है मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने इस्तीफा की पेशकश कर दी है। हिमाचल के सीएम ने इस संबंध में कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है।

15 भाजपा विधायक सस्पेंड

हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने नेता प्रतिपक्ष जय राम ठाकुर सहित भारतीय जनता पार्टी के 15 विधायकों को बुधवार को निलंबित कर दिया और फिर सदन की कार्यवाही स्थगित कर दी। भाजपा विधायकों को मंगलवार को पठानिया के कार्यालय के बाहर मार्शलों के साथ दुर्व्यवहार करने और सदन में अव्यवस्था पैदा करने के लिए निलंबित किया गया है। निलंबित विधायकों में ठाकुर के अलावा विपिन परमार, विनोद कुमार, हंस राज, जनक राज, बलबीर वर्मा, त्रिलोक जामवाल, दीप राज, सुरेंद्र शौरी, पूरन ठाकुर, इंद्र सिंह गांधी, दिलीप ठाकुर, रणधीर शर्मा, लोकेंद्र कुमार और रणवीर सिंह हैं।

हिमाचल विधानसभा का गणित

राज्य विधानसभा की 68 सीटों में से कांग्रेस के पास 40 और भाजपा के पास 25 सीटें हैं। बाकी तीन सीट पर निर्दलीयों का कब्जा है। हालांकि अब 6 विधायक अगर कांग्रेस में नहीं लौटते हैं तो कांग्रेस के पास 32 विधायक हो जाएंगे और बीजेपी के पास निर्दलीय के समर्थन मिलाकर कुल 34 विधायक हो जाएंगे।

शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article