देश

'और भी गम है जमाने में सियासत के सिवा', CJP प्रोटेस्ट से पहले सोनम वांगचुक ने बताया अपना प्लान

CJP Protest: शिक्षाविद् सोनम वांगचुक सीजेपी के 10 अक्टूबर को प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन का समर्थन किया है। साथ ही, प्रदर्शन में शामिल होने वाले नेताओं से एकजुटता दिखाने और युवाओं से हर हाल में शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने की अपील की।

Image

शिक्षाविद् और जलवायु कार्यकर्ता सोनम वांगचुक (फाइल फोटो)

CJP Protest: शिक्षाविद् और जलवायु कार्यकर्ता सोनम वांगचुक कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के 10 अक्टूबर को प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन का समर्थन किया है, लेकिन वांगचुक इस प्रदर्शन में शामिल नहीं हो पाएंगे। उन्होंने बताया कि वह हिमालयी क्षेत्र में राष्ट्रीय सुरक्षा और जल सुरक्षा से जुड़े काम में व्यस्त हैं।

शांतिपूर्ण प्रदर्शन की अपील

वांगचुक ने प्रदर्शन में शामिल होने वाले नेताओं से एकजुटता दिखाने और युवाओं से हर हाल में शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने की अपील की। बता दें कि सीजेपी ने राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन का आह्वान किया है। हालांकि, दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी है।

वांगचुक ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ''लद्दाख के पहाड़ों से सभी को नमस्कार... आप सभी लोगों ने मुझसे पूछा कि मैं दिल्ली में क्यों नहीं हूं?'' उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से हमारे काम में रुकावट डालने और नुकसान पहुंचाने की तमाम कोशिशों के बावजूद हम राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए काम कर रहे हैं... सर्दियां एक बार फिर आने वाली हैं और हम इसकी तैयारियों में जुटे हैं।

वांगचुक ने कहा कि इन तैयारियों में जल सुरक्षा के लिए कृत्रिम ग्लेशियर बनाना और ग्लेशियल लेक आउटबर्स्ट फ्लड यानी ग्लेशियर की झीलों के फटने से अचानक आने वाली बाढ़ के खतरे से निपटने के लिए प्रयोग करना शामिल है। हमारा मकसद ऊंचे हिमालयी इलाकों में मौजूद 200 से अधिक ऐसे संभावित 'वॉटर बम' के खतरे को कम करना है, जो कभी भी बड़ी तबाही का कारण बन सकते हैं।

उन्होंने आगे प्रदर्शनकारियों को शुभकामनाएं देते हुए फैज अहमद के शेर को थोड़ा तब्दील करके कहा- और भी गम हैं जमाने में सियासत के सिवा, राहतें और भी हैं वस्ल की राहत के सिवा। उन्होंने कहा कि अपने सभी Gen Z दोस्तों से मेरी एक बार फिर अपील है कि वे हर हाल में पूरी तरह शांतिपूर्ण रहें। यह बापू की दी हुई सीख है, जिसे मैं जून में जंतर-मंतर पर लेकर आने की कोशिश कर रहा था। मुझे उम्मीद है कि हम बापू को निराश नहीं करेंगे।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article