Hemkund Sahib Gurudwara Opening Date 2026: उत्तराखंड में स्थित विश्व के सबसे ऊंचाई वाले प्रसिद्ध गुरुद्वारे हेमकुंड साहिब के कपाट इस साल 23 मई को श्रद्धालुओं के लिए खोलने की घोषणा की गई है। हेमकुंड साहिब प्रबंधन न्यास के अध्यक्ष नरेन्द्रजीत सिंह बिंद्रा ने सोमवार को इस संबंध में प्रदेश के मुख्य सचिव आनंद बर्धन से मुलाकात की। उन्होंने बताया कि गुरुद्वारे के कपाट 23 मई से भक्तों के लिए खोल दिए जाएंगे। इस बैठक में आगामी यात्रा व्यवस्थाओं और श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई। मुख्य सचिव ने यात्रा के दौरान हर प्रकार का सहयोग देने का भरोसा देते हुए स्थानीय प्रशासन को उचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
15,200 फुट की ऊंचाई पर स्थित तीर्थ स्थल
उच्च गढ़वाल हिमालयी क्षेत्र के चमोली जिले में 15,200 फुट की ऊंचाई पर स्थित यह सिख तीर्थ स्थल सर्दियों के मौसम में घने हिमपात और कठोर ठंड के कारण पूरी तरह से बंद हो जाता है। इसी कारण, हर साल इसके कपाट अक्टूबर में बंद कर दिए जाते हैं और अगले वर्ष मई में खोले जाते हैं। गुरुद्वारे में दर्शन और मत्था टेकने के लिए हर वर्ष लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं।
गुरु गोविंद सिंह की तपस्थली के रूप में प्रसिद्ध
हेमकुंड साहिब सिखों के दसवें गुरु, गुरु गोविंद सिंह की तपस्थली के रूप में प्रसिद्ध है। बर्फ से ढकी पहाड़ी श्रृंखलाओं के बीच हेमकुंड सरोवर के पास श्री हेमकुंड गुरुद्वारा और लोकपाल तीर्थ स्थित हैं। श्रद्धालु यहां पहुंचने के लिए पहले बदरीनाथ के पास गोविंद घाट से पुलना गांव तक मोटर वाहन से यात्रा करते हैं और उसके बाद लगभग 17 किलोमीटर की कठिन पैदल यात्रा करनी पड़ती है।
गुरुद्वारा हेमकुंड साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट की अपील
ट्रस्ट ने सभी तीर्थयात्रियों से आग्रह किया गया है कि वे ऊंचाई वाले क्षेत्रों की चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन करें और यात्रा की पूरी तैयारी के साथ निकलें। यात्रा से जुड़ी व्यवस्थाओं, पंजीकरण, सड़क की स्थिति और अन्य आवश्यक निर्देशों की जानकारी समय-समय पर आधिकारिक स्रोतों के माध्यम से प्रदान की जाएगी।
(इनपुट - भाषा)
