देश

झारखंड: हेमंत सोरेन आज लेंगे सीएम पद की शपथ, दोबारा संभालेंगे राज्य की कमान

ईडी की गिरफ्तारी के बाद जेल से जमानत पर रिहा हुए हेमंत सोरेन दोबारा झारखंड के सीएम बनने जा रहे हैं। उन्हें राज्यपाल ने शपथ ग्रहण का न्योता दिया है।

Image

हेमंत सोरेन

Hemant Soren Oath: चंपाई सोरेन ने सीएम के पद से इस्तीफा देने के बाद अब हेमंत सोरेन दोबारा बतौर मुख्यमंत्री राज्य की कमान संभालेंगे। सरकार बनाने का दावा पेश करने के एक दिन बाद हेमंत सोरेन आज शाम 5 बजे सीएम पद की शपथ लेंगे। आज राज्यपाल ने हेमंत सोरेन को राजभवन बुलाया था जिसके बाद उन्हें शपथ लेने के लिए आमंत्रित किया गया। सहयोगी कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने बताया कि झामुमो नेता हेमंत सोरेन आज झारखंड के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।

चंपई सोरेन ने दिया इस्तीफा

झारखंड के मुख्यमंत्री चंपई सोरेन ने बुधवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद झामुमो नेता हेमंत सोरेन ने राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश किया। इससे पहले, सत्तारूढ़ गठबंधन के नेताओं और विधायकों ने चंपई सोरेन के आवास पर एक बैठक में सर्वसम्मति से हेमंत सोरेन को झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) विधायक दल का नेता चुना। हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी के बाद दो फरवरी को झारखंड के 12वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने वाले चंपई सोरेन ने राजभवन में राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन से मुलाकात की और झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष की उपस्थिति में अपना इस्तीफा दे दिया जिससे दिन भर चलीं अटकलों पर विराम लग गया।

झारखंड के 13वें मुख्यमंत्री होंगे हेमंत सोरेन

हेमंत सोरेन ने सरकार बनाने का दावा पेश किया और 7 जुलाई को शपथग्रहण समारोह आयोजित होगा। शपथ लेने के बाद हेमंत सोरेन झारखंड के 13वें मुख्यमंत्री होंगे। झारखंड 15 नवंबर 2000 को बिहार से अलग होकर एक पृथक राज्य बना था। चंपई सोरेन ने राजभवन से बाहर आने के बाद कहा, मैंने झामुमो-नीत गठबंधन के फैसले के अनुसार इस्तीफा दे दिया है। हमारा गठबंधन मजबूत है। सभी जानते हैं कि हेमंत सोरेन जी के साथ क्या हुआ था... गठबंधन सहयोगियों ने मुझे जिम्मेदारी दी थी। अब, गठबंधन ने हेमंत सोरेन जी के पक्ष में फैसला किया है। हेमंत सोरेन ने मीडिया से कहा कि सरकार बनाने की सभी औपचारिकताएं पूरी हो चुकी हैं।

भूमि घोटाले में हुए थे गिरफ्तार

हाई कोर्ट द्वारा कथित भूमि घोटाले से जुड़े धनशोधन मामले में जमानत दिए जाने के बाद हेमंत सोरेन को गिरफ्तारी के लगभग पांच महीने बाद 28 जून को जेल से रिहा कर दिया गया था। उन्होंने 31 जनवरी को अपनी गिरफ्तारी से पहले मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। इस बीच, नई दिल्ली में आधिकारिक सूत्रों ने कहा कि ईडी जल्द ही झारखंड उच्च न्यायालय के उस आदेश के खिलाफ विशेष अनुमति याचिका के साथ उच्चतम न्यायालय का रुख कर सकता है जिसमें धनशोधन मामले में हेमंत सोरेन को जमानत दी गई थी।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article