देश

Odisha Rain:ओडिशा में भारी बारिश से भूस्खलन, गांव में घुसा पानी, बाढ़ जैसे हालात, 2 लोग लापता, ट्रेन सेवा बाधित

Odisha Rain Havoc: ओडिशा के गजपति में लगातार हो रही बारिश से आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है वहीं मौसम विभाग ने सात जिलों में रेड अलर्ट जारी किया है।

Image

भारी बारिश के कारण भूस्खलन हुआ (Video Grab)

Odisha Rain Havoc: ओडिशा के गजपति जिले के मोहना क्षेत्र में भारी बारिश के कारण भूस्खलन हुआ है जिससे लगभग 20 गांवों का संपर्क पूरी तरह से कट गया है। भूस्खलन के कारण सड़कों पर बड़े पत्थर गिर गए हैं जिससे रास्ते अवरुद्ध हो गए हैं। प्रशासन द्वारा पेड़ों और पत्थरों को हटाने का कार्य जारी है।

गजपति में लगातार हो रही बारिश से आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है और लोग बेहाल हैं। मौसम विभाग ने 7 जिलों में रेड अलर्ट जारी किया है। पुरी,गजपति,रायगढ़ा,कोरापुट,गंजाम,कालाहांडी,कंधमाल जिलों में रेड अलर्ट जारी कर दिया गया है। वहीं 17 जिलों में ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। इन में भारी से अति भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग के मुताबिक निम्न दबाव से हो रही लगातार बारिश ने दुर्गा पूजा और दशहरा पर्व के आयोजन पर भी असर डाला है। राज्य में इस तरह की बारिश का सिलसिला 6 अक्टूबर तक जारी रहने की संभावना है।

भूस्खलन के बाद पिता-पुत्र लापता

भूस्खलन के बाद एक व्यक्ति और उसका बेटा लापता हैं। ऐसा संदेह है कि भूस्खलन के बाद दोनों मिट्टी के नीचे दब गए होंगे।लापता पिता और पुत्र की पहचान 70 साल के कार्तिक शबारा और उनके बेटे राजीब सबर के रूप में हुई है।यह घटना गजपति जिले के रायगढ़ प्रखंड के पेकट के पास हुई। भूस्खलन के बाद रायगढ़ से नुआगढ़ और रायगढ़ से आर. उदयगिरि के बीच सड़क संपर्क टूट गया है।

रायगडा-कोरापुट में भूस्खलन, रेल पटरियाँ क्षतिग्रस्त, रेल यातायात बाधित

भारी बारिश के कारण हुए भूस्खलन के बाद बड़े-बड़े पत्थरों और कीचड़ से रेल पटरी क्षतिग्रस्त होने के कारण रायगडा-विशाखापत्तनम खंड पर रेल सेवाएँ बाधित हो गईं। सूत्रों के अनुसार, ओडिशा के रायगडा जिले में देवी मझिघरियानी मंदिर के पास भूस्खलन हुआ, जिससे रेल पटरियाँ ढह गईं। रायगडा मंडल रेल प्रबंधक अमिताभ सिंघल अन्य वरिष्ठ रेल अधिकारियों के साथ मौके पर मौजूद हैं और क्षतिग्रस्त पटरियों की मरम्मत का निरीक्षण कर रहे हैं।

कोरापुट में, डुमुरीपुट और दमनजोडी के बीच बड़े-बड़े पत्थरों ने रेल लाइन को अवरुद्ध कर दिया। विशाखापत्तनम-कोरापुट रेल खंड पर, टायडा और चिमिदिपल्ली के बीच एक उखड़ा हुआ पेड़ हाई-वोल्टेज बिजली लाइनों पर गिर गया, जिससे रेल परिचालन और बाधित हो गया।

इसी तरह, रायगडा और कोरापुट रूट पर भी ट्रेन सेवाएँ प्रभावित हुईं क्योंकि लिलिगुमा और भालुमास्का में पटरियाँ बारिश के पानी में डूब गईं। हावड़ा-जगदलपुर समलेश्वरी एक्सप्रेस को पटरियों पर भारी जलभराव के कारण कोठागुडा में रोक दिया गया। राउरकेला इंटरसिटी भी देरी से चल रही है।

वाल्टेयर डिवीजन के सूत्रों के अनुसार-

वाल्टेयर डिवीजन के कोट्टावलसा-किरंदुल और कोरापुट-रायगडा लाइन के विभिन्न हिस्सों में लगातार बारिश के कारण ट्रेन सेवाएँ प्रभावित हुईं।

1. दिनांक 2.10.2025 को विशाखापत्तनम से रवाना होने वाली ट्रेन संख्या 18515 विशाखापत्तनम-किरंदुल रात्रि एक्सप्रेस रद्द कर दी गई है।

2. दिनांक 2.10.2025 को किरंदुल से रवाना होने वाली ट्रेन संख्या 18516 किरंदुल-विशाखापत्तनम रात्रि एक्सप्रेस कोरापुट में ही रोक दी जाएगी।

Satish Kumar Dash
Satish Kumar Dashauthor

Satish Kumar Dash is a reporter from Odisha with 5 years of journalism experience, including 2.5 years at Times Now Navbharat.

और पढ़ें
End of Article