देश

ऑपरेशन सिंदूर: BSF ने तोड़ी थी पाकिस्तान की कमर, 76 चौकियों-42 अग्रिम ठिकानों को बनाया था निशाना, तीन आतंकी लॉन्च पैड भी तबाह

बीएसएफ अधिकारी ने कहा कि उसने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान जम्मू में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर पाकिस्तानी रेंजर्स की बिना उकसावे की गोलीबारी और बमबारी का मुंहतोड़ जवाब दिया था। इस कार्रवाई में बीएसएफ ने पाकिस्तान की 76 सीमा चौकियों और 42 अग्रिम रक्षा ठिकानों को निशाना बनाया।

Image

बीएसएफ ने सिखाया था पाकिस्तान को करारा सबक

Photo : PTI

BSF Operation Sindoor: बीएसएफ के महानिरीक्षक, जम्मू फ्रंटियर, शशांक आनंद ने मंगलवार को कहा कि सीमा बल ने अंतरराष्ट्रीय सीमा पर अपनी चौकसी में कोई कमी नहीं आने दी है और ऑपरेशन सिंदूर जारी है, क्योंकि पाकिस्तान पर भरोसा नहीं किया जा सकता। सीमा पर घुसपैठ की कोशिशों के बारे में आशंका जताते हुए आईजी ने कहा कि बीएसएफ हाई अलर्ट पर है। ऑपरेशन सिंदूर को संबोधित करते हुए एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में आनंद ने कहा, हम एक सेकंड के लिए भी अपनी चौकसी में कोई कमी नहीं आने देंगे। हम सीमा पर यथासंभव उच्चतम सतर्कता बनाए हुए हैं। वे पाकिस्तानी गोलाबारी की आड़ में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर आतंकवादी घुसपैठ की संभावना और ऑपरेशन सिंदूर के बाद उठाए गए सुरक्षा उपायों के बारे में पूछे गए सवाल का जवाब दे रहे थे।

कहा- पाकिस्तान पर भरोसा नहीं किया जा सकता

उन्होंने कहा, ऐसी सूचनाएं मिली हैं कि दुश्मन किसी तरह की शरारत, सीमा पार से गोलीबारी या घुसपैठ की योजना बना सकता है। हम तैयार और सतर्क हैं। आईजी आनंद ने कहा कि पाकिस्तान पर भरोसा नहीं किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि सीमा पर उच्च सतर्कता बनाए रखने के लिए बीएसएफ मजबूत निगरानी प्रणाली लगा रहा है। उन्होंने कहा, हम अपने निगरानी उपकरणों और प्रणालियों को तेजी से उन्नत कर रहे हैं। हम ऐसी तकनीक का इस्तेमाल कर रहे हैं जो हमें सीमा पार से किसी भी घुसपैठ की गतिविधि के बारे में अग्रिम जानकारी देती है। उन्होंने ऐसी स्थितियों से निपटने के लिए बीएसएफ पर भरोसा जताया।

पाकिस्तान की 76 सीमा चौकियों को निशाना बनाया

बीएसएफ अधिकारी ने कहा कि उसने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान जम्मू में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर पाकिस्तानी रेंजर्स की बिना उकसावे की गोलीबारी और बमबारी का मुंहतोड़ जवाब दिया था। इस कार्रवाई में बीएसएफ ने पाकिस्तान की 76 सीमा चौकियों और 42 अग्रिम रक्षा ठिकानों को निशाना बनाया। बीएसएफ ने बताया कि उसने उन तीन आतंकी लॉन्च पैड को भी नष्ट किया, जहां से आतंकवादियों के घुसपैठ की आशंका थी।

BSF पूरी तरह सतर्क

BSF पूरी तरह सतर्क

अधिकारियों ने बताया कि बीएसएफ की यह कार्रवाई पाकिस्तान द्वारा 60 भारतीय चौकियों और 49 अग्रिम रक्षा ठिकानों पर भारी गोलीबारी और बमबारी शुरू करने के बाद हुई, जिसका मकसद कथित तौर पर 40-50 आतंकवादियों को सीमा पार घुसपैठ कराना था। बीएसएफ के उप महानिरीक्षक (डीआईजी) चित्रपाल सिंह ने संवाददाताओं को बताया कि पाकिस्तान ने हमारी 60 सीमा चौकियों और 49 अग्रिम रक्षा ठिकानों पर गोलीबारी की। जवाब में हमने उनकी 76 चौकियों और 42 अग्रिम रक्षा ठिकानों पर गोलीबारी की।

एक प्रमुख आतंकी लॉन्च पैड नष्ट

चित्रपाल सिंह ने बताया कि पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी इंटर-सर्विसेज इंटेलिजेंस (आईएसआई) द्वारा सुंदरबनी सेक्टर के पास संचालित एक प्रमुख आतंकी लॉन्च पैड को नष्ट कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि अब उस क्षेत्र से कोई हलचल नहीं देखी गई है। बीएसएफ के जम्मू फ्रंटियर के महानिरीक्षक (आईजी) शशांक आनंद ने कहा कि खुफिया जानकारी से पुष्टि हुई है कि कई लॉन्च पैड नष्ट हुए हैं और सटीक हमलों के दौरान आतंकवादियों और पाकिस्तानी रेंजर्स में से कई की मौत हो गई।

आईजी ने कहा, चिकन नेक क्षेत्र के सामने लश्कर-ए-तैयबा के लॉन्च पैड को 9-10 मई की रात को एक विशेष हथियार प्रणाली का उपयोग करके नष्ट कर दिया गया। उन्होंने कहा कि हम अब भी अपनी साझेदार एजेंसियों के साथ समन्वय में कुल नुकसान का आकलन कर रहे हैं। तीन लॉन्च पैड और कई चौकियां नष्ट की गईं। पाकिस्तानी रेंजर्स ने (अपने क्षेत्र के) कई गांव खाली करा लिए थे।

BSF महिला कर्मियों की बहादुरी

BSF महिला कर्मियों की बहादुरी

बीएसएफ की महिला कर्मियों की सराहना

उन्होंने अग्रिम चौकियों पर तैनात होकर अनुकरणीय साहस दिखाने के लिए सहायक कमांडेंट नेहा भंडारी सहित बीएसएफ की महिला कर्मियों की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि हम सांबा सेक्टर में एक चौकी का नाम ऑपरेशन सिंदूर और दो अन्य का नाम शहीदों के नाम पर रखने का प्रस्ताव कर रहे हैं। बीएसएफ द्वारा पहले भी घुसपैठ की कोशिशों को नाकाम करने का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि बीएसएफ ने गोलाबारी के दौरान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर 40 से 50 संदिग्ध आतंकवादियों की घुसपैठ की कोशिश को नाकाम कर दिया था। उन्होंने बताया कि बीएसएफ ने सियालकोट सेक्टर में पाकिस्तानी गोलाबारी की आड़ में सीमा पार करने की कोशिश कर रहे संदिग्ध आतंकवादियों की एक बड़ी घुसपैठ की कोशिश को सफलतापूर्वक नाकाम कर दिया था। उन्होंने कहा कि हमने अग्रिम हमले किए और भारी नुकसान पहुंचाया। विरोधी को पीछे हटने के लिए मजबूर होना पड़ा। उनके सैनिक, रेंजर्स और आतंकवादी हताहत हुए।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article