देश

हरियाणा निकाय चुनाव में 54.5% वोटिंग, अंबाला से सोनीपत तक मतदाताओं ने दिखाया भारी उत्साह; 13 मई को होगी मतगणना

हरियाणा में रविवार को स्थानीय निकाय चुनावों के लिए मतदान कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच संपन्न हुआ, जिसमें मतदाताओं ने उत्साह के साथ भाग लिया। अंबाला, पंचकूला, सोनीपत सहित कई नगर निगमों और परिषद क्षेत्रों में कुल मिलाकर करीब 54.5 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

Image

हरियाणा में निकाय चुनाव के लिए मतदान समाप्त

Haryana Nikay Chunav Voting: हरियाणा में अंबाला, पंचकूला और सोनीपत नगर निगमों सहित स्थानीय निकाय चुनाव के लिए रविवार को 54.5 प्रतिशत मतदान हआ। अधिकारियों ने बताया कि मतदान कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सुबह आठ बजे शुरू हुआ और शाम 6 बजे तक जारी रहा। उन्होंने बताया कि मतों की गिनती 13 मई को होगी। अंबाला, पंचकूला और सोनीपत में महापौर और वार्ड पार्षदों के चुनाव के लिए, रेवाड़ी नगर परिषद में अध्यक्ष और पार्षदों के चुनाव के लिए और रोहतक जिले के सांपला, रेवाड़ी जिले के धारूहेड़ा और हिसार जिले के उकलाना की नगर समितियों में अध्यक्षों और पार्षदों के चुनाव के लिए रविवार को मतदान हुआ। इसके अलावा टोहाना, झज्जर, राजौंद, तरावड़ी, कनीना और साढौरा में नगर परिषदों और नगर समितियों के एक-एक वार्ड के लिए उपचुनाव भी हुआ।

इतना मतदान हुआ दर्ज

राज्य निर्वाचन आयोग (एसईसी) के पोर्टल के अनुसार, अंबाला, पंचकूला और सोनीपत में क्रमशः 54.4 प्रतिशत, 52.7 प्रतिशत और 47.9 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। हिसार, रेवाड़ी और रोहतक में मतदान प्रतिशत क्रमशः 75.7 प्रतिशत, 66.1 प्रतिशत और 79.2 प्रतिशत रहा। एसईसी के आंकड़े के अनुसार स्थानीय निकायों के लिए कुल 8.73 लाख पात्र मतदाताओं में से 4.75 लाख ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। चुनाव के लिए कुल 817 मतदान केंद्र स्थापित किए गए थे, जिसमें सत्ताधारी भाजपा और विपक्षी कांग्रेस मुख्य उम्मीदवार हैं।

कौन बना कहां से उम्मीदवार?

अंबाला में भाजपा ने महापौर पद के लिए अक्षिता सैनी को उम्मीदवार बनाया है जबकि कांग्रेस की ओर से कुलविंदर कौर उम्मीदवार हैं। वहीं सोनिया रानी निर्दलीय उम्मीदवार हैं। अंबाला में 20 वार्डों में मतदान हुआ जहां 1.98 लाख मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करने के पात्र थे। पंचकूला में भाजपा ने श्यामलाल बंसल और कांग्रेस ने सुधा भारद्वाज को महापौर पद के लिए उम्मीदवार बनाया है। आम आदमी पार्टी (आप) ने राजेश कुमार को उम्मीदवार बनाया है, जबकि इंडियन नेशनल लोक दल (इनेलो) के उम्मीदवार मनोज अग्रवाल हैं।

बड़ी संख्या में मतदान करने की अपील

पंचकूला में 20 वार्डों में मतदान हुआ, जहां 2.07 लाख पात्र मतदाता हैं। सोनीपत में महापौर पद के लिए भाजपा उम्मीदवार राजीव जैन हैं और कांग्रेस के उम्मीदवार कमल दीवान हैं। सोनीपत नगर निगम चुनाव में 22 वार्ड हैं और 2.96 लाख पात्र मतदाता हैं। दिन की शुरुआत में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने लोगों से बड़ी संख्या में मतदान करने की अपील की। अधिकारियों ने बताया कि मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की सुविधा के लिए व्यापक इंतजाम किए गए थे, जिनमें स्पष्ट संकेत, सहायता केंद्र, पीने का पानी, शौचालय और अन्य बुनियादी सुविधाएं शामिल थीं। उन्होंने बताया कि दिव्यांग मतदाताओं, वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं और अस्वस्थ लोगों के लिए रैंप, व्हीलचेयर और अलग कतारों सहित खास व्यवस्था की गई थी।

Manoj Kumar
मनोज कुमार author

मनोज कुमार को टीवी पत्रकारिता में काम करने का 20 साल का अनुभव है. वर्तमान में वह Times Now नवभारत में डिप्टी न्यूज एडिटर के रूप में काम कर रहे हैं. 2022 से चंडीगढ़ ब्यूरो हेड के तौर पर चंडीगढ़, हरियाणा, पंजाब और हिमाचल प्रदेश को कवर कर रहे हैं. उन्होंने पंजाब बाढ़ त्रासदी, ऑपरेशन सिंदूर जैसी बड़ी घटनाओं को ग्राउंड जीरो से कवर किया है. हिमाचल प्रदेश में संजौली मस्जिद कवरेज के लिए उन्हें ENBA अवॉर्ड मिल चुका है.

और पढ़ें
End of Article