देश

नवरात्रि से पहले हरियाणा सरकार का 'अवैध मीट दुकानों' पर बड़ा एक्शन, बिना लाइसेंस की दुकानें होंगी बंद!

हरियाणा सरकार ने चैत्र नवरात्रि के पहले दिन राज्यभर में बिना लाइसेंस चल रही मीट की दुकानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश जारी किए हैं।

Image

हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी (फाइल फोटो)

चैत्र नवरात्रि के पहले दिन हरियाणा सरकार ने राज्यभर में बिना लाइसेंस चल रही मीट की दुकानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश जारी किए हैं। सरकार ने सभी नगर निगमों और नगर पालिकाओं को अपने-अपने क्षेत्रों में ऐसी अवैध दुकानों की पहचान कर उन्हें तुरंत बंद कराने को कहा है। प्रशासनिक टीमों को लगातार निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जा सके।

इसके साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया है कि मीट बिक्री से जुड़ी सभी गतिविधियां तय नियमों और स्वच्छता मानकों के अनुसार ही संचालित हों। सरकार ने यह भी कहा है कि धार्मिक स्थलों, शैक्षणिक संस्थानों और सार्वजनिक स्थानों के आसपास मीट की बिक्री की अनुमति नहीं दी जाएगी।

'पूरे राज्य में अवैध मीट दुकानों पर ताला लग सकता है!'

नवरात्रि के दौरान बड़ी संख्या में लोग व्रत और धार्मिक अनुष्ठानों में शामिल होते हैं, इसलिए इस आदेश को विशेष रूप से संवेदनशील माना जा रहा है। इस फैसले के बाद पूरे राज्य में अवैध मीट दुकानों पर ताला लग सकता है।

नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई तय

प्रशासन द्वारा लगातार निगरानी की जाएगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई तय मानी जा रही है। सरकार के निर्देशों में बताया गया है कि मीट दुकानों में रोजाना सफाई, कीटों से सुरक्षा और खराब मीट मिलने पर उसे तुरंत नष्ट करने की व्यवस्था होनी चाहिए। साथ ही दुकानों पर यह भी लिखना अनिवार्य है कि किस प्रकार का मीट बेचा जा रहा है इसे लेकर खास सावधानी बरतनी है।

गौर हो कि हाल ही में उत्तर प्रदेश के मेरठ में अवैध मीट की दुकानों को लेकर भाजपा के सीनियर नेता कमलदत्त शर्मा का अल्टीमेटम सामने आया था। उन्होंने अवैध दुकानों में बिक रहे मीट और भैसों के कारण तामसी प्रवृत्ति विकसित होने की बात कही है।

Manoj Kumar
मनोज कुमार author

मनोज कुमार को टीवी पत्रकारिता में काम करने का 20 साल का अनुभव है. वर्तमान में वह Times Now नवभारत में डिप्टी न्यूज एडिटर के रूप में काम कर रहे हैं. 2022 से चंडीगढ़ ब्यूरो हेड के तौर पर चंडीगढ़, हरियाणा, पंजाब और हिमाचल प्रदेश को कवर कर रहे हैं. उन्होंने पंजाब बाढ़ त्रासदी, ऑपरेशन सिंदूर जैसी बड़ी घटनाओं को ग्राउंड जीरो से कवर किया है. हिमाचल प्रदेश में संजौली मस्जिद कवरेज के लिए उन्हें ENBA अवॉर्ड मिल चुका है.

और पढ़ें
End of Article