देश

Gujarat Election 2022 Date, Schedule: गुजरात में दो चरणों में होगा चुनाव, 8 दिसंंबर को आएगा रिजल्ट

  • Agency by: Agency
  • Updated Nov 3, 2022, 12:57 PM IST

Gujarat Vidhan Sabha Election 2022 Date, Schedule: गुजरात विधानसभा का कार्यकाल 18 फरवरी, 2023 को समाप्त हो रहा है। राज्य में मुख्य मुकाबला बीजेपी-कांग्रेस और आप के बीच है। पिछली बार बीजेपी को 99 सीटें मिली थीं, जबकि कांग्रेस को 77 सीटों पर जीत मिली थी। पिछली बार आप का खाता नहीं खुला था।

Gujarat Vidhan Sabha Election 2022 Date, Schedule: चुनाव आयोग (Election Commission) ने गुजरात विधानसभा चुनाव 2022 के तारीखों का ऐलान कर दिया है। गुजरात में चुनाव (Gujarat Election) दो चरणों में कराए जाएंगे। 1 दिसंबर को पहला चरण और 5 दिसंबर को दूसरे चरण के लिए वोटिंग होगी। वहीं रिजल्ट 8 दिसंबर को आएगा।

चुनाव के कार्यक्रम

प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) राजीव कुमार ने कहा कि गुजरात विधानसभा चुनाव दो चरणों में होंगे, 89 सीटों के लिए मतदान एक दिसंबर को और 93 सीटों के लिए पांच दिसंबर को होगा। वहीं मतों की गिनती 8 दिसंबर को होगी।

gujarat election date

गुजरात चुनाव का कार्यक्रम

कितने वोटर

चुनाव आयोग के अनुसार गुजरात में 4.9 करोड़ से अधिक मतदाता पंजीकृत हैं। जिनमें से 4.04 लाख विकलांग मतदाता हैं, 9.8 लाख वरिष्ठ नागरिक और 4.61 लाख युवा ऐसे हैं तो पहली बार वोट डालेंगे।

पोलिंग स्टेशन

गुजरात चुनाव के लिए 51782 पोलिंग स्टेशन बनाए जाएंगे। जिसमें से 50 फीसदी स्टेशन पर वेबकास्टिंग की सुविधा रहेगी। ग्रामीण इलाकों में 34276 और शहरी इलाकों में 17506 पोलिंग स्टेशन बनाए जाएंगे। सभी पोलिंग स्टेशन ग्राउंड फ्लोर पर ही बनाए जाएंगे। साथ ही 182 मॉडल पोलिंग बूथ भी बनाए जाएंगे।

अभी का क्या है हाल

आम आदमी पार्टी की सक्रियता ने इस चुनाव में कई महीनों पहले से ही गहमागहमी बढ़ा दी है। गुजरात में आप की ओर से खुद पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल, पंजाब के सीएम भगवंत मान और मनीष सिसोदिया मोर्चा संभाले हुए हैं। कई रैलियां और कार्यक्रम कर चुके हैं। बीजेपी की ओर से खुद पीएम मोदी और अमित शाह मैदान में उतरे हुए हैं। कांग्रेस इस मामले में पिछड़ी हुई दिख रही है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा पर हैं। हालांकि राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत समेत राज्य के कई बड़े नेता पार्टी के लिए प्रचार में जुटे हुए हैं।

विधानसभा में किसके पास कितनी ताकत

विधानसभा में इस समय की बात करें तो भाजपा के पास 111 विधायक हैं, कांग्रेस के पास 62 और आम आदमी पार्टी के पास शून्य विधायक हैं। कांग्रेस के कई विधायक उसका साथ छोड़ चुके हैं। हर बार की तरह इस बार भी कांग्रेस के नेता पार्टी छोड़कर बीजेपी के पास जाते दिख रहे हैं, जिससे कांग्रेस को इस चुनाव में भी नुकसान होने की आशंका है।

पिछली बार का हाल

पिछले चुनाव में कांग्रेस ने बीजेपी को जबरदस्त टक्कर दी थी। हालांकि राज्य में बीजेपी ही सत्ता में वापस लौटी थी। 182 सीटों में से तब बीजेपी को 99 सीटों पर जीत मिली थी और कांग्रेस ने 77 सीटों पर कब्जा जमाया था। हालांकि कई सीटों पर बहुत ही कम अतंर से कांग्रेस हारी थी। पिछली बार भी बीजेपी की ओर से पीएम मोदी और अमित शाह ने ही मोर्चा संभाल रखा था।

विपक्ष का आरोप

पिछले महीने, चुनाव आयोग ने हिमाचल प्रदेश चुनाव के कार्यक्रम की घोषणा की थी, तब उसे विपक्ष के तीखे सवालों का सामना करना पड़ा था, क्योंकि उसने गुजरात विधानसभा चुनाव 2022 के कार्यक्रम की घोषणा नहीं की थी। तब मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने बताया था कि यह पहली बार नहीं हुआ है, 2017 में भी ऐसा किया गया था।

शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article