देश

BJP के MP-MLA संग मंच पर Bilkis Bano का रेपिस्टः फोटो शेयर कर बोलीं TMC की महुआ- 'राक्षस' को जेल में चाहती हूं

  • Compiled by: अभिषेक गुप्ता
  • Updated Mar 27, 2023, 08:12 AM IST

Bilkis Bano Latest News in Hindi: वैसे, बीजेपी के दोनों नेताओं ने कार्यक्रम के बाद कार्यक्रम से जुड़े फोटो और वीडियो टि्वटर पर शेयर किए थे, जिनमें वह रेपिस्ट के साथ मंच साझा करते नजर आए।

Image

तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की सांसद महुआ मोइत्रा ने यह तस्वीर टि्वटर पर शेयर करते हुए लिखा- मैं इन मॉन्स्टर्स (हैवानों) को फिर से जेल में देखना चाहती हूं। (फोटो सोर्सः @MahuaMoitra)

Photo : Twitter

Bilkis Bano Latest News in Hindi: बिलकिस बानो का रेप करने वाले 11 लोगों में से एक युवक भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) शासित गुजरात के एक सरकारी कार्यक्रम में देखा गया। शनिवार (25 मार्च, 2023) को दाहोद जिला के करमाडी गांव में हुए इस प्रोग्राम में वह इस दौरान बीजेपी के सांसद और विधायक के साथ मंच पर बैठा नजर आया। अंग्रेजी न्यूज चैनल एनटीवी की रिपोर्ट के मुताबिक, ग्रुप वॉटर सप्लाई स्कीम से जुड़े कार्यक्रम की मौके से जो तस्वीरें और वीडियो आए, उनमें शैलेश चिमनलाल भट्ट दाहोद के सांसद जसवंत सिंह बभोर और लिमखेड़ा से उनके विधायक भाई शैलेष बभोर के साथ स्टेज साझा करता दिखा था। भट्ट ने इस दौरान न सिर्फ उनके साथ तस्वीरें क्लिक कराईं बल्कि पूजा में भी हिस्सा लिया।

तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की सांसद महुआ मोइत्रा ने इस बाबत मामले से जुड़ा फोटो शेयर करते हुए ट्वीट किया, "मैं इस राक्षस को वापस जेल में देखना चाहती हूं। साथ ही इसे बंद किए जाने के बाद चाबी कहीं फेंक दी जाए। मैं यह भी चाहती हूं कि यह "शैतानी सरकार", जो न्याय के इस उपहास की सराहना करती है वो सत्ता से बाहर हो जाए। मैं चाहती हूं कि भारत अपने नैतिक दिशा को फिर हासिल करे।"

Bilkis Bano

Bilkis Bano

दरअसल, बिलकिस बानो केस में 15 अगस्त, 2022 को 11 दोषियों को रिहा कर दिया था, जिसके बाद इस पर बड़ा विवाद हुआ था। 27 फरवरी, 2002 को कारसेवकों से भरी साबरमती एक्सप्रेस ट्रेन के कुछ डिब्बों में गोधरा (गुजरात में) के पास आग के हवाले कर दिया गया था। इस घटना में 59 लोगों की मौत हुई थी, जिसके बाद दंगे हुए थे। ऐसे ही दंगाइयों से बचने के लिए बानो अपनी तीन साल की मासूम बच्ची और परिवार के लोगों के साथ गांव से जान बचाकर भाग रही थीं और वह तब पांच माह की गर्भवती थीं।

बानो के साथ तब सामूहिक बलात्कार के साथ उनके परिवार के सात लोगों की हत्या कर दी गई थी। इसी मामले में 11 लोगों को साल 2008 में उम्र कैद की सजा सुनाई गई थी। मृतकों में बानो की तीन साल की बिटिया भी शामिल थी। हालांकि, बानो का रेप करने वालों की रिहाई को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी गई है और सोमवारको इस मसले पर सुनवाई होगी।

अभिषेक गुप्ता
अभिषेक गुप्ताauthor

छोटे शहर से, पर सपने बड़े-बड़े. किस्सागो ऐसे जो कहने-बताने और सुनाने को बेताब. कंटेंट क्रिएशन के साथ नजर से खबर पकड़ने में पारंगत और "मीडिया की मंडी" में लगभग आठ साल का अनुभव. न्यूज, सिनेमा, बाइक्स और घूमने में दिलचस्पी.

और पढ़ें
End of Article