गुजरात के जामनगर में एक सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा हुआ है। करीब दो साल से लापता युवक की कथित तौर पर उसकी पत्नी, उसके प्रेमी और एक अन्य आरोपी ने मिलकर सायनाइड मिलाकर हत्या कर दी और शव को दरेड़ GIDC स्थित एक फैक्ट्री शेड में दफना दिया। पुलिस ने मौके पर खुदाई कर मानव कंकाल बरामद किया है, जिसे पोस्टमार्टम और पहचान की प्रक्रिया के लिए भेजा गया है।
मृतक के भाई ने क्या किए खुलासे?
मृतक के बड़े भाई अशोक मावडिया द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, उनका छोटा भाई जिग्नेश मावडिया पिछले दो वर्षों से परिवार के संपर्क में नहीं था। जब भी परिवार ने उसकी पत्नी पृथ्वीबेन उर्फ भूमिबेन से उसके बारे में पूछा, वह लगातार यह कहती रही कि जिग्नेश ऑस्ट्रेलिया में काम कर रहा है और वहां से किसी से संपर्क नहीं कर सकता।
दो साल पहले ही पति की कर दी थी हत्या
परिवार को तब शक हुआ जब बार-बार मांगने के बावजूद जिग्नेश का कोई संपर्क नंबर नहीं दिया गया। शिकायत के अनुसार, जब परिजनों ने पुलिस में शिकायत करने की बात कही, तब पत्नी ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि जिग्नेश की दो साल पहले हत्या कर दी गई थी।

: दो साल तक पति के जिंदा होने का झूठ, फैक्ट्री शेड में दफन मिला शव।
कैसे हुई जिग्नेश की हत्या?
इसके बाद सिटी 'बी' डिवीजन पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि 31 मई 2024 को जिग्नेश को कथित तौर पर शराब में सायनाइड मिलाकर पिलाया गया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, इस वारदात में उसकी पत्नी पृथ्वीबेन, उसके कथित प्रेमी निलेश मनसुखभाई कछटिया और उनके एक साथी बलवीर देवीराम वर्मा की भूमिका सामने आई है।
पुलिस का आरोप है कि हत्या के बाद तीनों आरोपियों ने दरेड़ GIDC स्थित एक फैक्ट्री शेड में गहरा गड्ढा खोदकर शव को दफना दिया, ताकि अपराध छिपाया जा सके। जांच के दौरान पुलिस ने उसी स्थान से मानव कंकाल बरामद किया, जिसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
डीएसपी प्रतिभा गोदरा ने बताया कि परिजनों की शिकायत के आधार पर जांच शुरू की गई थी। जांच में अब तक सामने आया है कि जिग्नेश की कथित तौर पर सायनाइड देकर हत्या की गई और शव को फैक्ट्री परिसर में दफना दिया गया। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि महिला का अपने कथित प्रेमी के साथ विवाह से पहले भी संबंध था, जो शादी के बाद दोबारा शुरू हुआ। हालांकि, पूरे मामले की जांच अभी जारी है और पुलिस फोरेंसिक व पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
