देश

PM मोदी के बाद MEA जयशंकर से मिले Google के Sundar Pichai: लोग लगे पूछने- क्या तमिल में की बात?

  • Edited by: अभिषेक गुप्ता
  • Updated Dec 20, 2022, 02:22 PM IST

गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई ने अपनी भारत यात्रा के पहले दिन राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की थी। साथ ही दूरसंचार और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव के साथ एक कार्यक्रम में शिरकत भी की थी।

Image

भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर और गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई का तमिलनाडु से पुराना कनेक्शन है। (@DrSJaishankar)

Photo : Twitter

प्रधानमंत्री और बीजेपी के फायर ब्रांड नेता नरेंद्र मोदी से मुलाकात के ठीक एक रोज बाद गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई ने विदेश मंत्री डॉ.एस जयशंकर से भेंट की। विदेश मंत्री ने इस मीटिंग से जुड़ा एक फोटो अपने टि्वटर हैंडल से शेयर किया, जिसमें उन्होंने लिखा- आज दोपहर गूगल और एल्फाबेट के सीईओ से मिलकर अच्छा लगा। हमने भारत के डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन और वैश्विक विकास को लेकर बातचीत की।

डॉ.जयशंकर ने जो तस्वीर शेयर की थी, उसमें पिचाई उनके साथ थे और दोनों साझा तौर पर एक तस्वीर को पकड़े थे, जिसमें जी (गूगल) इंडिया लिखा हुआ था। हालांकि, इस फोटो के सामने आने के बाद टि्वटर यूजर्स भी इस पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं देने लगे। @anilapat237 ने कहा कि जय हो इंडिया। @ltsKushalGupta ने पूछा कि क्या वह पिक्सल लाइन को इंडिया में मैन्युफैक्चर करेंगे?

@rajeevkw ने कहा कि महान लोगों की महान से मुलाकात। @education_abhi_ के हैंडल से कहा गया कि ये हमारे राष्ट्र के सोना (गोल्ड) हैं। @krishcache ने कहा कि चर्चा के लिए ये सही लोग हैं, जबकि @Abhijeetpande10 ने पूछा कि क्या आप लोगों ने तमिल में बातचीत की? दरअसल, सबसे रोचक बात है कि दोनों ही दिग्गज भारत के दक्षिण सूबे तमिलनाडु से नाता रखते हैं। जयशंकर का जन्म दिल्ली में एक तमिल परिवार में हुआ था, जबकि पिचाई तमिलनाडु के मदुरै में पैदा हुए थे।

पिचाई ने इससे पहले सोमवार (19 दिसंबर, 2022) को भारत को एक बड़ी निर्यात अर्थव्यवस्था बताया। कहा कि गूगल 100 से अधिक भारतीय भाषाओं के लिए एक इंटरनेट सर्च मॉडल विकसित कर रही है और यहां के महिलाओं के नेतृत्व वाली स्टार्टअप कंपनियों को 7.5 करोड़ डॉलर की मदद देगी।

अपने भारत दौरे पर पिचाई ने हुए ‘गूगल फॉर इंडिया’ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा था कि गूगल भारत से कारोबार कर रहे स्टार्टअप पर ध्यान केंद्रित कर रही है। इन नई कंपनियों के लिए चिह्नित 30 करोड़ डॉलर में से एक-चौथाई राशि महिलाओं की अगुवाई वाले स्टार्टअप में निवेश की जाएगी।

अभिषेक गुप्ता
अभिषेक गुप्ताauthor

छोटे शहर से, पर सपने बड़े-बड़े. किस्सागो ऐसे जो कहने-बताने और सुनाने को बेताब. कंटेंट क्रिएशन के साथ नजर से खबर पकड़ने में पारंगत और "मीडिया की मंडी" में लगभग आठ साल का अनुभव. न्यूज, सिनेमा, बाइक्स और घूमने में दिलचस्पी.

और पढ़ें
End of Article