देश

पीएम मोदी से मिले Google के CEO सुंदर पिचाई, कहा- आपके नेतृत्व में टैक्नोलॉजी परिवर्तन प्रेरणादायक है

  • Written by: रामानुज सिंह
  • Updated Dec 19, 2022, 09:38 PM IST

गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई (Sundar Pichai) ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की और कहा कि आपके नेतृत्व में तकनीकी परिवर्तन की तीव्र गति को देखना प्रेरणादायक है। साथ ही उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव के साथ मंच शेयर करते हुए कहा कि हम भाषाओं की संख्या बढ़ाने के लिए एआई का तेजी से इस्तेमाल कर रहे हैं।

Image

पीएम मोदी के साथ गूगल सीईओ सुंदर पिचाई

Photo : Twitter

Google और अल्फाबेट के Google सुंदर पिचाई (Sundar Pichai) ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra modi) से मुलाकात की और कहा कि वह कनेक्टेड इंटरनेट को आगे बढ़ाने के लिए भारत के जी20 की अध्यक्षता का समर्थन करने के लिए उत्सुक हैं। यह सभी के लिए काम करता है। भारतीय-अमेरिकी गूगल सीईओ पिचाई ने पीएम मोदी के साथ मुलाकात की एक तस्वीर शेयर की। जिसमें दोनों बात करते नजर आ रहे हैं। पिचाई ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी से आज शानदार मुलाकात हुई। उन्हें धन्यवाद। आपके नेतृत्व में तकनीकी परिवर्तन की तीव्र गति को देखना प्रेरणादायक है। हमारी मजबूत साझेदारी को जारी रखने और सभी के लिए काम करने वाले कनेक्टेड इंटरनेट को आगे बढ़ाने के लिए भारत की G20 अध्यक्षता का समर्थन करने के लिए तत्पर हूं।

पिचाई भारत दौरे पर हैं। उन्होंने केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव के साथ पहले दिन गूगल फॉर इंडिया 2022 कार्यक्रम में मंच शेयर किया, जहां उन्होंने कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) और भविष्य के लिए गूगल के दृष्टिकोण पर बात की। उन्होंने कहा कि हम भाषाओं की संख्या बढ़ाने के लिए एआई का तेजी से उपयोग कर रहे हैं। हमने हाल ही में 9 नई भारतीय भाषाओं जैसे असमिया, भोजपुरी, कोंकणी आदि को जोड़ा है। उन्होंने कहा कि गूगल 100 से अधिक भारतीय भाषाओं में लिखित शब्दों और आवाज के जरिए इंटरनेट सर्च सुविधा मुहैया कराने की कोशिश में लगी है। हम एक शक्तिशाली एआई मॉडल पर काम कर रहे हैं जहां हम हजारों भाषाओं के माध्यम से जानकारी ला सकते हैं।

भारत ने औपचारिक रूप से इस साल 1 दिसंबर को इंडोनेशिया से जी20 की अध्यक्षता ग्रहण की थी। इस महीने की शुरुआत में अमेरिका में भारत के राजदूत तरणजीत सिंह संधू ने औपचारिक रूप से सैन फ्रांसिस्को में सुंदर पिचाई को भारत के तीसरे सबसे बड़े नागरिक पुरस्कार पद्म भूषण से सम्मानित किया। संधू ने एक ट्वीट में कहा था कि सैन फ्रांसिस्को में गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई को पद्म भूषण सौंपकर खुशी हुई। मदुरै से माउंटेन व्यू तक की उनकी प्रेरणादायक यात्रा, भारत-अमेरिका आर्थिक और तकनीकी संबंधों को मजबूत करना, वैश्विक नवाचार में भारतीय प्रतिभा के योगदान की पुष्टि करता है।

पद्म भूषण प्राप्त करने के बाद, पिचाई ने संधू और महावाणिज्य दूत को पद्म भूषण प्राप्त करने के लिए मेरी मेजबानी करने के लिए धन्यवाद दिया था। उन्होंने कहा कि मैं इस अपार सम्मान के लिए भारत सरकार और भारत के लोगों का तहे दिल से आभारी हूं। इस तरह से सम्मानित किया जाना अविश्वसनीय रूप से सार्थक है। 2004 में गूगल से जुड़े पिचाई 2015 में कंपनी के सीईओ बने। पीएम मोदी ने उन्हें सीईओ बनाए जाने पर बधाई दी थी।

रामानुज सिंह
रामानुज सिंहauthor

रामानुज सिंह पत्रकारिता में दो दशकों का व्यापक और समृद्ध अनुभव रखते हैं। उन्होंने टीवी और डिजिटल—दोनों ही प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, शेयर बाजार, इनकम टैक्स, बैंकिंग, बुलियन और कमोडिटी मार्केट जैसे विषयों पर गहरी विशेषज्ञता विकसित की है। जर्नलिज्म में एमए की डिग्री और वर्षों के अनुभव से विकसित विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ, रामानुज जटिल वित्तीय विषयों को सरल, विश्वसनीय और प्रभावी तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। अब तक वे 22,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article