Luthra Brothers News: गोवा के नाइटक्लब 'बर्च बाय रोमियो लेन' के मालिक सौरभ लूथरा और गौरव लूथरा को दिल्ली वापस लाया जा रहा है। ऐसा बताया गया कि दोनों इंडिगो की फ्लाइट 6E-1064 से बैंकॉक से दिल्ली लाए जा रहे हैं। इनके दोपहर करीब 1:45 बजे नेशनल कैपिटल में लैंड करने की उम्मीद है।
गौरव लूथरा और सौरभ लूथरा नॉर्थ गोवा के नाइटक्लब 'बर्च बाय रोमियो लेन' के को-ओनर हैं, जहां 6 दिसंबर को आग लगने से 25 लोगों की मौत हो गई थी। गोवा के नाइटक्लब में आग लगने की घटना के कुछ ही घंटों बाद वे फुकेट भाग गए थे और पातोंग में रह रहे थे। उन्हें तब हिरासत में लिया गया जब वे एक इंडियन फूड जॉइंट से खाना लेने बाहर निकले थे।
दिल्ली से गोवा ले जाएगी पुलिस
अधिकारियों ने बताया कि गोवा पुलिस और दिल्ली पुलिस की टीमें एयरपोर्ट पर मौजूद रहेंगी। उनके आने के बाद, दोनों भाइयों को पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया जाएगा, जिसके बाद गोवा पुलिस उनसे आगे की पूछताछ के लिए उन्हें गोवा ले जाने के लिए ट्रांजिट रिमांड मांगेगी।
अधिकारियों ने बताया कि सभी जरूरी कागजी कार्रवाई पूरी हो गई है और डिपोर्टेशन की प्रक्रिया प्लान के मुताबिक आगे बढ़ रही है और भाइयों को औपचारिक रूप से भारतीय एजेंसियों को सौंप दिया जाएगा।
बैंकॉक में दूतावास के अधिकारियों सहित भारतीय एजेंसियां, लूथरा भाइयों को जल्द से जल्द भारत भेजने के लिए थाई अधिकारियों के संपर्क में रहे।
लूथरा भाइयों ने 7 दिसंबर को सुबह 1:17 बजे थाईलैंड के लिए अपनी फ्लाइट टिकट बुक की थी, जबकि गोवा पुलिस और फायर सर्विस वाले आग को बुझा रहे थे और अंदर फंसे लोगों को बचाने की कोशिश कर रहे थे। दोनों ने 7 दिसंबर को सुबह 1:17 बजे MMT प्लेटफॉर्म पर थाईलैंड के लिए टिकट बुक किए थे।
नहीं मिली जमानत
जैसे ही उनके खिलाफ इंटरपोल ब्लू कॉर्नर नोटिस जारी हुआ, दोनों ने अग्रिम जमानत याचिका दायर की। भाइयों ने चार हफ्ते की ट्रांजिट अग्रिम जमानत मांगी ताकि थाईलैंड से दिल्ली लौटने के बाद उन्हें तुरंत गिरफ्तार न किया जाए।
हालांकि, बुधवार को उन्हें दिल्ली की एक अदालत से अंतरिम राहत नहीं मिली। कोर्ट ने ट्रांजिट अग्रिम जमानत मांगने वाली उनकी याचिका पर सुनवाई के लिए गुरुवार की तारीख तय की है।
