Goa CM Pramod Sawant Convoy: गोवा से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत की सुरक्षा में बड़ी चूक होते-होते बची। उत्तरी गोवा में मुख्यमंत्री के काफिले के बीच अचानक एक तेज रफ्तार एसयूवी (SUV) गाड़ी घुस गई। इस घटना के बाद एक्शन में आई पुलिस ने गाड़ी में सवार एक पुलिस कांस्टेबल समेत कुल पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, यह पूरी घटना बृहस्पतिवार रात की है।
मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत संखेलिम से राजधानी पणजी की तरफ जा रहे थे। जब उनका काफिला अमोनो इलाके से गुजर रहा था, तभी सामने से आ रही एक अज्ञात एसयूवी अचानक वीआईपी सुरक्षा घेरे को तोड़ते हुए काफिले के बीचों-बीच घुस आई। गाड़ी को इस तरह अचानक सामने आता देख मुख्यमंत्री की सुरक्षा में तैनात जवानों के हाथ-पांव फूल गए। हालांकि, सुरक्षाकर्मियों ने मुस्तैदी दिखाते हुए तुरंत मुख्यमंत्री की गाड़ी को सूझबूझ से सड़क के किनारे सुरक्षित कर लिया, जिससे एक बड़ा हादसा और सुरक्षा में बड़ी चूक टल गई।
पुलिस ने गाड़ी में सवार चार लोगों को पकड़ा
घटना की गंभीरता को देखते हुए बिचोलिम थाने की पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने मौके से ही गाड़ी में सवार चार लोगों को हिरासत में ले लिया। शुरुआती जांच और मेडिकल टेस्ट में पता चला कि गाड़ी में बैठे चारों लोग शराब के नशे में पूरी तरह धुत्त थे। वहीं, इस हंगामे के बीच गाड़ी का ड्राइवर मौके से फरार होने में कामयाब रहा, जिसे पुलिस ने शुक्रवार को ढूंढ निकाला और गिरफ्तार कर लिया। चौंकाने वाली बात यह है कि पकड़ा गया ड्राइवर खुद गोवा पुलिस में कांस्टेबल है और पोंडा उपमंडल में तैनात है।
नहीं आई किसी को चोट
राहत की बात यह रही कि इस पूरी घटना में किसी को कोई चोट नहीं आई है। गाड़ी को रोके जाने और रास्ता साफ होने के बाद मुख्यमंत्री का काफिला सुरक्षित अपने गंतव्य की ओर रवाना हो गया था। फिलहाल, सभी पांचों आरोपी पुलिस की गिरफ्त में हैं और मामले की कड़ाई से जांच की जा रही है कि यह सिर्फ शराब पीकर की गई लापरवाही थी या इसके पीछे कोई और वजह थी।
