हैदराबाद (तेलंगाना): तेलंगाना राज्य लोक सेवा आयोग (TSPSC) परीक्षा अधिसूचना स्थगित होने के कारण एक महिला ने कथित तौर पर खुदकुशी कर ली। इसके बाद उसके भाई ने कहा कि परीक्षा स्थगित होने के बाद उसकी बहन डिप्रेशन में आ गई थी। पीड़िता का भाई प्रणय कुमार ने कहा कि वह पिछले 2 साल से एक प्राइवेट हॉस्टल में रहकर और कोचिंग लेकर पीसीएस परीक्षा की तैयारी कर रही थी। पहले वह 2 साल से घर पर तैयारी कर रही थी और नोटिफिकेशन जारी होने के बाद वह यहां शिफ्ट हो गई। परीक्षा स्थगित होने के बाद वह डिप्रेशन में आ गई थी। उसने 2 दिन पहले मुझे फोन किया था और बहुत रोई थी। मैंने उसे सांत्वना दी थी। हालांकि उसने खुदकुशी कर ली क्योंकि वह अपने आपको संभाल नहीं सकी।
पुलिस ने बताया कि महिला की पहचान प्रवालिका के रूप में हुई और उसकी उम्र करीब 25 साल थी। उसने अशोक नगर में एक छात्रावास में अपने कमरे में कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। जिसे स्टूडेंट हब के रूप में जाना जाता है। आत्महत्या की खबर मिलने के बाद छात्र बड़ी संख्या में एकत्र हुए और इलाके में मुख्य सड़क को अवरुद्ध करके और पुलिस को शव को स्थानांतरित करने की अनुमति नहीं देकर सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। पुलिस ने एक सुसाइड नोट बरामद किया जिसमें उसने कहा कि उसे अपने परिवार प्रति खेद है और वह उनके लिए कुछ भी नहीं कर सकती थी।
उस्मानिया विश्वविद्यालय के एक छात्र सुरेश यादव ने कहा कि प्रवालिका एक बहुत ही प्रतिभाशाली छात्रा थी। लाखों रुपये खर्च करके कोचिंग ले रही थी। परीक्षा स्थगित होने के कारण वह टेंशन में आ गई थी। वह बहुत दुखी थी। वह इस बात से बहुत दुखी थी कि उसे इस बतुकम्मा त्योहार पर बेरोजगार होकर घर वापस जाना पड़ेगा। इसके लिए सरकार जिम्मेदार है। इस मामले में केसीआर को ए1 और केटीआर को ए2 बनाया जाना चाहिए। परिवार को अनुग्रह राशि भी दी जानी चाहिए। पुलिस ने छात्रों पर हमला किया गया जबकि हम यहां शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन कर रहे थे।
कांग्रेस ने TSPSC परीक्षाओं को बार-बार स्थगित करने पर केसीआर सरकार पर हमला बोला है। अशोक नगर में आत्महत्या करने वाली लड़की प्रवल्लिका के लिए हजारों आवाजें न्याय की मांग कर रही हैं, लेकिन केसीआर सुन नहीं रहे हैं। इस जेंटलमेन के शासन में मानव जीवन का कोई मूल्य नहीं है। राक्षस शासन में हत्या, आत्महत्या और बलात्कार के अलावा युवाओं की कोई किस्मत नहीं है। प्रवल्लिका के सुसाइड लेटर से यही पता चलता है।
कांग्रेस के राज्य प्रमुख रेवंत रेड्डी ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि सरकार को छात्र की आत्महत्या पर प्रतिक्रिया देनी चाहिए। इस बीच बीजेपी सांसद के लक्ष्मण ने मौत पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि एक मेहनती छात्र प्रवल्लिका की खुदकुशी बेहद दर्दनाक खबर है। वह कई महीनों से सरकारी परीक्षाओं की तैयारी मन लगाकर कर रही थी। लेकिन बीआरएस सरकार द्वारा परीक्षाओं को बार-बार रद्द करने और स्थगित करने के कारण उन्होंने इतना बड़ा कदम उठाया है।
