Giriraj Singh Meet Lalu Yadav: बिहार के उपमुख्यमंत्री और राजद नेता तेजस्वी यादव ने केंद्रीय मंत्री और भाजपा सांसद गिरिराज सिंह से जुड़ा एक मजेदार किस्सा साझा किया है। उन्होंने कहा कि गिरिराज सिंह ने उनके पिता लालू प्रसाद यादव से मटन खाने की इच्छा जाहिर की थी। इसके बाद लालू यादव ने कहा कि आपको झटका मटन पसंद है। हम अरेंज करते हैं। दरअसल, तेजस्वी यादव द्वारा साझा किया गया किस्सा दिल्ली से पटना की फ्लाइट का है। इस दौरान तीनों नेताओं की मुलाकात फ्लाइट में हुई थी।
बकौल तेजस्वी यादव इंडिया इंडिया गठबंधन की बैठक के बाद वे अपने पिता व राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव के साथ दिल्ली से पटना लौट रहे थे। इसी फ्लाइट में गिरिराज सिंह भी सवार थे। इस दौरान तीनों नेताओं के बीच बहुत से मु्द्दों पर बातचीत हुई। तेजस्वी यादव ने मीडिया कर्मियों को बताया कि गिरिराज सिंह ने लालू यादव से उनके हाथ का बना मटन खाने की इच्छा जताई। इसके जवाब में लालू यादव ने कहा, आप को तो सिर्फ झटका मटन पसंद है... हम अरेंज करते हैं।
गिरिराज सिंह ने की थी झटका मटन खाने की अपील
बता दें, बीते दिनों गिरिराज सिंह ने हिंदुओं से अपील की थी कि वे हलाल मांस खाना बंद कर दें। उन्होंने कहा था कि जो हिंदू मांस खाते हैं उन्हें झटका मांस खाना चाहिए। तेजस्वी का बयान इसके बाद आया है। उन्होंने कहा, जब गरिराज सिंह ने लालू यादव से कहा कि आप मुझे मटन कब खिला रहे हैं? तो इस पर लालू यादव ने कहा कि आपको तो झटके वाला मटन खाना होगा, हम इसकी व्यवस्था करेंगे।
तेजस्वी को सीएम बनाना चाहते हैं लालू- गिरिराज सिंह
बता दें, गिरिराज सिंह ने गुरुवार को बड़ा बयान दिया था। उन्होंने कहा था कि फ्लाइट में लालू यादव से मुलाकात के दौरान उन्होंने तेजस्वी यादव को बिहार का मुख्यमंत्री बनाने की इच्छा जाहिर की थी। बकौल गिरिराज सिंह, लालू यादव ने कहा है कि तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री बनाए बगैर बिहार नहीं चलेगा। उनके इस बयान के बाद बिहार की राजनीति में भूचाल आ गया है। उनके बयान पर तेजस्वी यादव ने भी हमला किया है। उन्होंने कहा, गिरिराज सिंह खुद परेशान हैं क्योंकि केंद्र सरकार में किसी की कुछ नहीं चलती है।
