देश

बेंगलुरू में पीएम मोदी के कार्यक्रम स्थल के बाहर सेंध की कोशिश! मिली दो जिलेटिन स्टिक बरामद

पुलिस को संदेह है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने जिलेटिन स्टिक वहां फेंकी होंगी। अधिकारियों ने तुरंत विस्फोटक सामग्री को जब्त कर लिया और उसे वहां रखने वाले व्यक्ति की पहचान के लिए जांच शुरू कर दी।

Image

पीएण मोदी के कार्यक्रम स्थल के बाहर मिली जिलेटिन की छड़ें (File photo)

Photo : PTI

Gelatin Sticks Near PM Route: रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आर्ट ऑफ लिविंग सेंटर दौरे से पहले बेंगलुरु पुलिस ने तातागुनी के पास एक फुटपाथ से दो जिलेटिन स्टिक बरामद कीं। पुलिस के अनुसार, प्रधानमंत्री के आगमन से पहले किए गए सुरक्षा जांच और क्षेत्र नियंत्रण अभियान के दौरान ये संदिग्ध सामग्री मिलीं। अधिकारियों ने बताया कि जिलेटिन स्टिक कनकपुरा रोड राजमार्ग पर एक पुल के पास एक चारदीवारी के नजदीक मिलीं, जो आर्ट ऑफ लिविंग सेंटर से लगभग तीन किलोमीटर और नाइस रोड से लगभग एक किलोमीटर दूर है।

पुलिस ने शुरू की जांच

पुलिस को संदेह है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने जिलेटिन स्टिक वहां फेंकी होंगी। अधिकारियों ने तुरंत विस्फोटक सामग्री को जब्त कर लिया और उसे वहां रखने वाले व्यक्ति की पहचान के लिए जांच शुरू कर दी। पुलिस ने बताया कि इलाके में तलाशी अभियान और आगे की पूछताछ जारी है। अधिकारियों ने बताया कि प्रधानमंत्री के पहुंचने से पहले ही जिलेटिन स्टिक का पता चल गया था।

यह भी संदेह है कि आर्ट ऑफ लिविंग फाउंडेशन के विरोधियों में से कुछ लोगों ने ये सामग्री वहां रखी होंगी, हालांकि पुलिस ने अभी तक किसी मकसद की पुष्टि नहीं की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को कहा कि समाज राजनीति और सरकार से कहीं अधिक शक्तिशाली है। उन्होंने गुरुदेव श्री श्री रवि शंकर की संस्था 'आर्ट ऑफ लिविंग' की सराहना करते हुए कहा कि इसने समाज को एकजुट करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। प्रधानमंत्री मोदी कर्नाटक के बेंगलुरु में आयोजित 'आर्ट ऑफ लिविंग' की 45वीं वर्षगांठ और गुरुदेव श्री श्री रवि शंकर के 70वें जन्मदिन समारोह में शामिल हुए थे।

पीएम मोदी का कार्यक्रम

कर्नाटक के बेंगलुरु में द आर्ट ऑफ लिविंग फाउंडेशन (The Art of Living Foundation) की 45वीं वर्षगांठ के कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने देश के हालिया चुनाव नतीजों और भारत की राजनीतिक दिशा पर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि इस समय पूरे देश में चुनाव परिणामों की चर्चा हो रही है और ये नतीजे भारत की राजनीति के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि चुनाव परिणाम साफ दिखाते हैं कि देश के युवा, किसान, महिलाएं, गरीब और मध्यम वर्ग स्थिर और मजबूत सरकार चाहते हैं।

अब घोटालों वाली राजनीति नहीं-पीएम मोदी

पीएम ने कहा कि आज पूरी दुनिया अस्थिरता के दौर से गुजर रही है, लेकिन भारत की जनता ने स्थिरता और विकास के पक्ष में अपना समर्थन दिया है। पीएम मोदी ने कहा कि लोग अब घोटालों वाली राजनीति नहीं, बल्कि समाधान और विकास की राजनीति चाहते हैं। अपने संबोधन में उन्होंने 10 मई की ऐतिहासिक अहमियत का भी जिक्र किया। पीएम मोदी ने कहा कि 1857 में इसी दिन देश में स्वतंत्रता संग्राम की पहली चिंगारी जली थी, जो आगे चलकर आजादी की बड़ी लड़ाई बनी।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!