देश

OptoSAR तकनीक का कमाल: हर मौसम में धरती की निगरानी करेगा Mission Drishti, पीएम मोदी ने दी बधाई

GalaxEye Launches Mission Drishti: गैलेक्सी आई स्पेस ने मिशन दृष्टि लॉन्च कर भारत के निजी अंतरिक्ष क्षेत्र में एक बड़ा कदम उठाया है। यह देश का अब तक का सबसे बड़ा निजी तौर पर विकसित अर्थ ऑब्जर्वेशन सैटेलाइट है, जिसे पृथ्वी की निगरानी को और ज्यादा उन्नत बनाने के लिए तैयार किया गया है।

Image

गैलेक्सी आई स्पेस (GalaxEye) ने आज अपना अत्याधुनिक सैटलाइट मिशन दृष्टि सफलतापूर्वक लॉन्च किया।

Photo : Twitter

GalaxEye Launches Mission Drishti: भारत के अंतरिक्ष क्षेत्र में एक और ऐतिहासिक अध्याय जुड़ गया है। बेंगलुरु की प्राइवेट स्पेस स्टार्टअप गैलेक्सी आई स्पेस (GalaxEye) ने आज अपना अत्याधुनिक सैटलाइट दृष्टि (Drishti) को सफलतापूर्वक लॉन्च किया। बता दें कि भारतीय स्पेस स्टार्टअप ने दुनिया का पहला ऑप्टोसार (OptoSAR) सैटेलाइट सफलतापूर्वक लॉन्च किया है। यह न केवल तकनीक के मामले में दुनिया में पहला है, बल्कि भारत में किसी निजी कंपनी द्वारा बनाया गया अब तक का सबसे बड़ा सैटेलाइट भी है। इस सैटेलाइट का वजन 190 किलोग्राम है।

क्या है सैटेलाइट की खासियत?

इसकी खास बात यह है कि यह धरती की निगरानी ऐसे तरीके से कर सकेगा, जो पहले संभव नहीं था। अब तक अधिकतर सैटेलाइट या तो ऑप्टिकल कैमरों का इस्तेमाल करते थे या फिर रडार तकनीक का। ऑप्टिकल कैमरे मोबाइल कैमरे की तरह बेहद साफ तस्वीरें देते हैं, लेकिन बादल या रात होने पर उनकी क्षमता सीमित हो जाती है। दूसरी ओर, रडार तकनीक अंधेरे और बादलों के पार भी देख सकती है, हालांकि इसकी तस्वीरें उतनी स्पष्ट नहीं होतीं।

क्या है 'मिशन दृष्टि' और OptoSAR तकनीक?

मिशन दृष्टि की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें पहली बार ऑप्टिकल और रडार, दोनों तकनीकों को एक साथ जोड़ा गया है, जिसे ऑप्टोसार (OptoSAR) कहा जाता है। इसका मतलब है कि यह सैटेलाइट रंगीन और साफ तस्वीरें देने के साथ-साथ हर मौसम में काम करने में सक्षम होगा। आसान शब्दों में कहें तो चाहे तेज बारिश हो, घने बादल छाए हों या रात का समय हो, यह सैटेलाइट जमीन पर हो रही गतिविधियों को लगातार देख और रिकॉर्ड कर सकेगा।

पीएम मोदी ने ट्वीट कर दी बधाई

प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट करते हुए लिखा, "GalaxEye का 'मिशन दृष्टि' हमारी अंतरिक्ष यात्रा में एक बड़ी उपलब्धि है। दुनिया के पहले OptoSAR उपग्रह और भारत में निजी तौर पर निर्मित सबसे बड़े उपग्रह का सफल प्रक्षेपण, नवाचार और राष्ट्र निर्माण के लिए हमारे युवाओं के जुनून का प्रमाण है।" प्रधानमंत्री ने स्टार्टअप के संस्थापकों और पूरी टीम को उनके अथक परिश्रम के लिए हार्दिक बधाई और भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं।

भविष्य की संभावनाएं

इस सैटेलाइट के डेटा से कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों में मदद मिलेगी

राष्ट्रीय सुरक्षा: सीमाओं पर निरंतर निगरानी।

कृषि: फसलों की सटीक मॉनिटरिंग।

आपदा प्रबंधन: बाढ़ या चक्रवात के दौरान सटीक डेटा और राहत कार्यों में तेजी।

पर्यावरण: जलवायु परिवर्तन और वनों की कटाई पर नजर।

'मिशन दृष्टि' की सफलता ने वैश्विक स्पेस मार्केट में भारत की साख को और मजबूत किया है। GalaxEye द्वारा निर्मित यह सैटेलाइट न केवल तकनीकी कौशल का प्रदर्शन है, बल्कि यह भविष्य के आत्मनिर्भर भारत की एक स्पष्ट झलक भी है।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article