देश

SC के पूर्व जज मार्कंडेय काटजू की पत्नी के साथ धोखाधड़ी, करोड़ों की कीमत का फ्लैट हाथ से निकला

  • Edited by: अमित कुमार मंडल
  • Updated Jun 25, 2023, 07:38 AM IST

रूपा काटजू ने बताया कि उनके भाई कनाडा में रहते हैं और इस फ्लैट के सभी कार्य पूरे करने के लिए उन्हें पॉवर ऑफ अटॉर्नी मिली है।

Image

Markandey Katju

Photo : PTI

MarkandeyKatju Wife Cheated: सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश मार्कंडेय काटजू की पत्नी ने नोएडा के सेक्टर 126 थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि एक व्यक्ति ने उनके साथ धोखाधड़ी करके करोड़ों रुपये की कीमत का फ्लैट अपने नाम करवा लिया। घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि काटजू की पत्नी रूपा काटजू निवासी सेक्टर-45 नोएडा ने बीती रात थाना सेक्टर 126 में रिपोर्ट दर्ज कराई जिसमें उन्होंने कहा कि उनके भाई बिजेंद्र नेहरू का जेपी कैलिप्सो कोर्ट में एक फ्लैट है।

कनाडा में रहने वाले भाई का फ्लैट

उन्होंने बताया कि उनके भाई कनाडा में रहते हैं और इस फ्लैट के सभी कार्य पूरे करने के लिए उन्हें पॉवर ऑफ अटॉर्नी मिली है। पुलिस प्रवक्ता ने शिकायत के आधार पर कहा कि पीड़िता के अनुसार, कुछ दिन पहले सेक्टर 15 ए के निवासी नासिर आफताब खान नामक व्यक्ति से उनकी किसी के माध्यम से मुलाकात हुई। शिकायत के अनुसार, नासिर ने उनसे कहा कि उसका अच्छे लोगों से संपर्क है और वह उनका फ्लैट ढाई करोड़ रुपये में बिकवा देगा।

इसमें आरोप लगाया गया है कि नासिर उन्हें अपने विश्वास में लेकर जेपी बिल्डर के कार्यालय में गया, और एनओसी आदि करवाने के नाम पर उनसे कई दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करवाए और फ्लैट के मूल दस्तावेज ले लिए। दर्ज शिकायत में कहा गया है कि नासिर ने उनसे कहा कि कुछ दिनों में आपके फ्लैट की एनओसी आ जाएगी और आपका फ्लैट किसी और व्यक्ति को बेच दिया जाएगा और आपको रकम मिल जाएगी।

प्रवक्ता ने बताया कि पीड़िता के अनुसार जब काफी दिनों तक नासिर ने उनके खाते में पैसे नहीं भेजे तो वह जेपी बिल्डर के कार्यालय में गईं, जहां वह नवनीत सक्सेना नामक कर्मचारी से मिलीं, जिसने उन्हें बताया कि उनका फ्लैट नासिर आफताब खान के नाम हो गया है। उन्होंने बताया कि इस मामले में पीड़िता की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

अमित कुमार मंडल
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!