देश

राहुल गांधी के खिलाफ FIR, संसद में 'धक्कामुक्की' मामले में पुलिस का एक्शन; देशभर में विरोध प्रदर्शन करेगी कांग्रेस

FIR filed against Rahul Gandhi: संसद में धक्कामुक्की मामले में कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही है। राहुल के खिलाफ इस मामले में FIR दर्ज हो गई है। राजग सांसदों ने राहुल गांधी के खिलाफ पुलिस को शिकायत सौंप दी, जिसके बाद पुलिस ने केस दर्ज किया।

Image

मुश्किल में राहुल गांधी।

Scuffle in Parliament Case: राहुल गांधी के खिलाफ FIR दर्ज हो गई है । संसद में धक्कामुक्की के मामले में बीजेपी सांसद की शिकायत पर दिल्ली के सांसद मार्ग थाने में FIR दर्ज की गई। संसद के अंदर दो बीजेपी सांसदों को चोट लगने के मामले में BNS की कई धाराओं में केस दर्ज हुआ है। अनुराग ठाकुर और बांसुरी स्वराज सहित राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के तीन सांसदों ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ पुलिस को एक शिकायत देकर, उन पर संसद में ‘‘धक्का-मुक्की’’ के दौरान ‘‘शारीरिक हमला और उकसावे’’ में शामिल होने का आरोप लगाया गया है। यह जानकारी एक अधिकारी ने दी।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज हुई FIR

तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) के एक सांसद के साथ ठाकुर और स्वराज ने संसद मार्ग पुलिस थाने में अधिकारियों से मुलाकात की और लिखित शिकायत दी। अनुराग ठाकुर ने पुलिस थाने के बाहर मीडिया से कहा, ‘‘हमने श्री राहुल गांधी के खिलाफ शारीरिक हमला और उकसावे के लिए शिकायत दी है।’’ इससे पहले संविधान निर्माता बी आर आंबेडकर के कथित अपमान को लेकर संसद परिसर में विपक्ष और राजग सांसदों के बीच हुई धक्का-मुक्की में पूर्व मंत्री प्रतापचंद्र सारंगी घायल हो गए। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर सारंगी को धक्का देने का आरोप लगाया हालांकि कांग्रेस नेता ने इस आरोप को खारिज किया है।

20 दिसंबर को देशभर में विरोध प्रदर्शन करेगी कांग्रेस

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बयान और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज एफआईआर के खिलाफ कांग्रेस 20 दिसंबर को देशभर के सभी जिला मुख्यालयों पर विरोध प्रदर्शन करेगी।

पीएम मोदी ने दोनों सांसदों को फोन कर हाल जाना

केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने बताया कि इस धक्का-मुक्की में भाजपा सांसद मुकेश राजपूत भी घायल हो गए। सूत्रों ने बताया कि संसद परिसर में सारंगी और राजपूत को चोट लगने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दोनों सांसदों को फोन करके उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पुलिस को शिकायत मिल गई है और वह इसकी जांच कर रही है।

बीएनएस की इन धाराओं के तहत की गई शिकायत

अनुराग ठाकुर के कहा कि उन्होंने अपनी शिकायत बीएनएस की धारा 109, 115, 117, 125, 131 और 351 के तहत दी है। आपको बताते हैं कि इन धाराओं के तहत क्या-क्या आरोप लगाए गए हैं।

  • बीएनएस की धारा 109 यानी हत्या के प्रयास
  • बीएनएस की धारा 115 यानी स्वेच्छा से चोट पहुंचाना
  • बीएनएस की धारा 117 यानी स्वेच्छा से गंभीर चोट पहुंचाना
  • बीएनएस की धारा 125 यानी दूसरों के जीवन या व्यक्तिगत सुरक्षा को खतरे में डालने का कार्य
  • बीएनएस की धारा 131 यानी आपराधिक बल का प्रयोग
  • बीएनएस की धारा 351 यानी आपराधिक धमकी
  • बीएनएस की धारा 3(5) यानी भारतीय न्याय संहिता का सामान्य इरादा

बीजेपी ने अपनी शिकायत के सीधे राहुल गांधी को निशाना बनाया । उधर दोपहर करीब साढ़े तीन बजे कांग्रेस का डेलीगेशन भी पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने पहुंचा। जिस वक्त कांग्रेस की तरफ से दिग्विजय सिंह, राजीव शुक्ला, प्रमोद तिवारी और मुकुल वासनिक, इमरान प्रतापगढ़ी और वर्षा गायकवाड़ अपनी शिकायत लेकर थाने पहुंचे।

Ayush Sinha
आयुष सिन्हाauthor

मैं टाइम्स नाउ नवभारत (Timesnowhindi.com) से जुड़ा हुआ हूं। कलम और कागज से लगाव तो बचपन से ही था, जो धीरे-धीरे आदत और जरूरत बन गई। मुख्य धारा की पत्रकारिता से जुड़े हुए 10 साल पूरे हो चुके हैं। लोकसभा चुनाव 2014 से पहले ही मैंने पत्रकारिता की पढ़ाई के बीच में ही देश की राजधानी दिल्ली आने की ठान ली थी। उससे पहले मैंने कभी ये सोचा तक नहीं था कि मैं बनारस बोले तो वाराणसी शहर से बाहर भी जा सकता हूं। जी हां, मेरा नाता काशी से है। जन्म के साथ-साथ शिक्षा दीक्षा भी बनारस में ही हुई। राष्ट्रपिता मोहनदास करमचंद गांधी (बापू) द्वारा स्थापित किए गए विश्वविद्यालय- 'महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ' से मैंने पत्रकारिता में स्नातक किया है। ग्रेजुएशन के दौरान ही विश्वविद्यालय के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के अध्यापकों ने बड़ी ही सख्ती से मेरी नक्काशी करने की कोशिश की। ग्रेजुएशन के आखिरी वर्ष आते-आते मैंने दिल्ली की ट्रेन पकड़ी और यहां पहुंच गया। आव देखा न ताव, दिल्ली NCR में बड़े-बड़े मीडिया समूहों के दफ्तरों के बाहर अपना बायोडेटा डाल कर प्रयास में जुट गया। काफी धैर्य के बाद ZEE मीडिया समूह से जुड़ने का मौका मिला। मेरे पत्रकारिता के सफर की शुरुआत टेलीविजन के इनपुट डिपार्टमेंट से हुई। यहां मैं असाइनमेंट डेस्क पर था। कुछ महीनों तक खुद को इस समूह के साथ जोड़े रखने के बाद वर्ष 2015 में मैंने प्रिंट मीडिया का रुख कर लिया और ALL RIGHTS नाम की मैगज़ीन के साथ जुड़ गया। बतौर विशेष संवाददाता (Special Correspondent) मेरे कंधों पर बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई थी। मैं उन दिनों देशभर के अलग-अलग लोकसभा क्षेत्र के सांसदों, केंद्रीय मंत्रियों और दिल्ली सरकार के विधायकों और मंत्रियों का साक्षात्कार करता था। मैगज़ीन के संपादकीय पृष्ठ के लिए मैं लेख भी लिखता था। राजनीतिक खबरों से लगाव होने के चलते मैंने इस बीट को ही अपना हमसाया बना लिया। मैगजीन के बाद फिर टेलीविजन का रुख किया और इसी साल दोबारा ज़ी मीडिया से जुड़ गया। यहां साढ़े 3 सालों तक काम करने के बाद मैंने डिजिटल मीडिया में कदम रखने की ठान ली। रिपब्लिक भारत की लॉन्चिंग से पहले मुझे इसकी वेबसाइट से जुड़ने का मौका मिला। रिपब्लिक से जुड़ने के साथ ही मैंने दिल्ली छोड़कर मुंबई का रुख कर लिया। समंदर किनारे बसे इस शहर में मैंने डिजिटल पत्रकारिता के गुर को सीखा। इस संस्थान में मुझे रिपोर्टर के तौर पर मौका दिया था। कुछ ही महीने बाद मैं वापस दिल्ली आ गया और मैंने न्यूज़ वर्ल्ड इंडिया में एसोसिएट प्रोड्यूसर और रिपोर्टर की भूमिका में काम किया। चंद महीने बाद ही ज़ी मीडिया समूह के डिजिटल प्लेटफॉर्म पर काम करने का अवसर मिला। ज़ी हिन्दुस्तान के लिए मैंने स्पेशल खबरों पर काम किया और इस समूह का पहला डिजिटल रिपोर्टर बन गया। इसके बाद मुझे वीडियो सेक्शन का हेड बना दिया गया। मैंने चुनावी कवरेज की, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और साथ ही साथ वीडियो सेक्शन को नए शिखर पर पहुंचाने की कोशिश की। मैं कविताएं और किस्से-कहानियां भी लिखता रहता हूं। पढ़ाई के दौरान ही मैंने दो किताबें भी लिखी, एक नॉवेल और दूसरी पोएट्री बुक। पत्रकारिता में रहते हुए मैंने कई "स्टिंग ऑपरेशन" भी किए। मेरे सफर को और भी खूबसूरत बनाने के लिए टाइम्स समूह ने मुझे मौका दिया। मैं जुलाई, 2023 में इस संस्थान से जुड़ा और मुझे मेन डेस्क पर खबरों से दो-चार होते रहने की जिम्मेदारी सौंपी गई। राजनीतिक विश्लेषण के साथ विस्तार से खबरों को परोसता हूं और अपने पाठकों को कुछ नया देने का प्रयास करता हूं।

और पढ़ें
End of Article