देश

ओडिशा में आत्मदाह का एक और मामला, केंद्रपाड़ा में प्रेमी के ब्लैकमेल से परेशान कॉलेज छात्रा ने खुद को आग लगाई

20 वर्षीय छात्रा के पिता ने दावा किया कि जब वह घर में अकेली थी, तो उसने अपने ऊपर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा ली। उन्होंने दावा किया कि वह एक आदमी के साथ रिश्ते में थी और उसे ब्लैकमेल किया जा रहा था।

Image

केंद्रपाड़ा में छात्रा ने खुद को आग लगाई (File Photo: PTI)

Female College Student Immolates Self in Odisha: ओडिशा में महिलाओं के खिलाफ अपराथ और उत्पीड़न की खबरें आने का सिलसिला जारी है। बालासोर का मामला ठंडा भी नहीं पड़ा था कि अब ओडिशा के केंद्रपाड़ा में एक कॉलेज छात्रा के खुद को आग लगाने का मामला सामने आया है। बुधवार को एक कॉलेज छात्रा ने अपने प्रेमी द्वारा ब्लैकमेल किए जाने के बाद अपने घर में कथित तौर पर आत्मदाह कर लिया। 12 जुलाई के बाद से ओडिशा में किसी महिला के जलने से मरने की यह तीसरी घटना है। यह ताजा घटना पट्टामुंडई (ग्रामीण) थाना क्षेत्र के काठियापाड़ा गांव में सुबह हुई।

घर पर खुद को आग लगाई

20 वर्षीय छात्रा के पिता ने दावा किया कि जब वह घर में अकेली थी, तो उसने अपने ऊपर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा ली। उन्होंने दावा किया कि वह एक आदमी के साथ रिश्ते में थी और उसे ब्लैकमेल किया जा रहा था। उन्होंने दावा किया कि उसने छह महीने पहले पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।

पुलिस ने कहा- परेशान कर रहा है तो नंबर ब्लॉक कर दो

पिता ने कहा, पुलिस ने मेरी बेटी से कहा कि अगर वह उसे परेशान कर रहा है तो वह उसका मोबाइल नंबर ब्लॉक कर दे। केंद्रपाड़ा के पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ कटारिया मौके पर पहुंचे और कहा कि मैंने शव देखा है। उसके पिता ने दावा किया है कि उसने आत्महत्या की है। मामले की जांच की जाएगी।

12 जुलाई के बाद से तीसरी घटना

12 जुलाई के बाद से ओडिशा में यह तीसरी ऐसी घटना थी। बालासोर के एफएम कॉलेज की एक 20 वर्षीय छात्रा ने 12 जुलाई को कॉलेज परिसर में आत्मदाह कर लिया और दो दिन बाद एम्स-भुवनेश्वर में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी। इसी तरह पुरी जिले के बलंगा इलाके की एक और 15 वर्षीय लड़की ने भी खुद को आग लगाई थी और 2 अगस्त को एम्स में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article