देश

सुनवाई का एक-एक मिनट कीमती- NEET Paper Leak मामले में समय पर पेश न होने वाले वकीलों पर फास्ट ट्रैक कोर्ट बरसा

NEET Paper Leak Case Hearing: NEET पेपर लीक की सुनवाई कर रहे फास्ट ट्रैक कोर्ट के जज अजय गुप्ता ने वकीलों के देर से आने पर कड़ी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि सुनवाई का एक-एक मिनट बहुत कीमती हैं।

Image

नीट पेपर लीक केस में देर से आने वाले वकील पर भड़का फास्ट ट्रैक कोर्ट

NEET Paper Leak Case Hearing: नीट पेपर लीक मामले की सुनवाई कर रही दिल्ली की फास्ट ट्रैक कोर्ट ने वकीलों और व्यवस्थापकों की ढिलाई पर कड़ी नाराजगी जताई है। मामले की संवेदनशीलता और महत्ता को देखते हुए फास्ट ट्रैक कोर्ट के जज अजय गुप्ता ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि इस केस की सुनवाई का एक-एक मिनट बहुत कीमती है, इसलिए सभी पक्षों को कोर्ट का समय और अपनी चिंताओं को समझना होगा।

सुबह 10 बजे कोर्ट में मौजूदगी अनिवार्य

सुनवाई के दौरान कोर्ट की कार्यवाही में देरी से नाराज जज अजय गुप्ता ने सभी वकीलों से अनुशासन बनाए रखने की अपील की। उन्होंने सख्त निर्देश जारी करते हुए कहा कि सभी वकील सुबह 10 बजे तक अनिवार्य रूप से कोर्ट में उपस्थित हो जाएं, ताकि सुनवाई बिना किसी बाधा के समय पर शुरू हो सके। न्यायिक हिरासत में जेल में बंद आरोपियों को निर्धारित समय पर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कोर्ट के समक्ष पेश किया जाए।

ट्रैफिक जाम का बहाना खारिज

सुनवाई के दौरान जब एक वकील ने देरी से पहुंचने का कारण 'ट्रैफिक जाम' बताया, तो जज अजय गुप्ता ने इस पर कड़ी आपत्ति जताई। नाराजगी व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि वकीलों का समय पर न पहुंचना बिल्कुल भी सही नहीं है। जज ने कहा कि आधुनिक तकनीक के दौर में ट्रैफिक जैसे कारणों से कोर्ट की कार्यवाही प्रभावित नहीं होनी चाहिए। अगर कोई वकील समय पर पहुंचने में असमर्थ हैं, तो वह वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग की सुविधा का उपयोग करके समय पर कोर्ट की सुनवाई से जुड़ सकते हैं।

Gaurav Srivastav
गौरव श्रीवास्तवauthor

टीवी न्यूज रिपोर्टिंग में 10 साल पत्रकारिता का अनुभव है। फिलहाल सुप्रीम कोर्ट से लेकर कानूनी दांव पेंच से जुड़ी हर खबर आपको इस जगह मिलेगी। साथ ही चुनाव आयोग, विपक्ष के राजनीतिक घटनाक्रम से लेकर हर जनहित मुद्दे पर मेरी नजर रहती है।

और पढ़ें
End of Article