आज की ताजा खबर, 5 नवंबर 2026 हिंदी न्यूज़ लाइव: इंदिरा गांधी स्टेडियम के आसपास बृहस्पतिवार शाम यातायात रहेगा बाधित, दिल्ली विश्वविद्यालय समग्र स्कोर में सुधार के बावजूद क्यूएस एशिया रैंकिंग में 11 पायदान फिसला
आज की ताजा खबर लाइव,5 नवंबर 2026 ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़ [दिल्ली ट्रैफिक], [अमेरिकी चुनाव], [दिल्ली विश्वविद्यालय] के मुख्य समाचार Latest News in Hindi: दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) का समग्र स्कोर सुधरने के बावजूद वह ’क्यूएस एशिया विश्वविद्यालय रैंकिंग 2027’ में 11 पायदान फिसलकर 106वें स्थान पर पहुंच गया है। विश्वविद्यालय द्वारा बुधवार को जारी तुलनात्मक प्रदर्शन मूल्यांकन में यह जानकारी दी गई। इसके अलावा, नोएडा के जेवर पुलिस ने हत्या के मामले में वांछित एक बदमाश को बृहस्पतिवार तड़के मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया । पुलिस की जवाबी गोलीबारी में आरोपी के पैर में गोली लगी है और उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, अमेरिका में हुये चुनावों के बाद रिपब्लिकन पार्टी को करारी शिकस्त दे कर प्रतिनिधि सभा में बहुमत हासिल करने वाली डेमोक्रेटिक पार्टी के नेता हकीम जेफ्रीज सदन के नये अध्यक्ष बन सकते हैं, और अगर ऐसा होता है तो वह अमेरिकी इतिहास में पहले अश्वेत अध्यक्ष होंगे । पढ़ें- देश व विदेश की अन्य खबरें
आज की ताजा खबर, 5 नवंबर 2026 हिंदी न्यूज़ लाइव: इंदिरा गांधी स्टेडियम के आसपास बृहस्पतिवार शाम यातायात रहेगा बाधित, दिल्ली विश्वविद्यालय समग्र स्कोर में सुधार के बावजूद क्यूएस एशिया रैंकिंग में 11 पायदान फिसला
चुनावी नतीजों ने बिगाड़ा ट्रंप का मिजाज, कभी मीडिया तो कभी अपनी पार्टी को घेरा
ट्रंप की कुछ प्रतिक्रियाएं उनके सोशल मीडिया मंच ’ट्रुथ सोशल’ पर की गई पोस्ट में सामने आईं। इनमें से कुछ प्रतिक्रियाएं संतुलित थीं, जबकि कुछ में चुनावी नतीजे धीरे-धीरे सामने आने के साथ उनकी झुंझलाहट साफ झलक रही थी।
ट्रंप ने अपने पसंदीदा समाचार चैनल ’फॉक्स न्यूज’ के बारे में कहा, ’’फॉक्स न्यूज का सर्वेक्षण हमेशा सबसे खराब होता है। उसमें पूछे जाने वाले सवाल बेहद अपमानजनक हैं। हर सवाल किसी को निशाना बनाने के लिए तैयार किया गया है और हर जवाब बकवास है। यह वर्षों से चल रहा है।’’
ट्रंप ने मतदाताओं से यह मानकर मतदान करने की अपील की थी कि वह भी चुनाव मैदान में हैं और उन्होंने 30 चुनावी रैलियां की थीं। लेकिन चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी को मिली हार के बाद उन्होंने अपना रुख बदल लिया और इसके लिए पार्टी के उम्मीदवारों को जिम्मेदार ठहराया।
दिल्ली विश्वविद्यालय समग्र स्कोर में सुधार के बावजूद क्यूएस एशिया रैंकिंग में 11 पायदान फिसला
विश्वविद्यालय द्वारा बुधवार को जारी तुलनात्मक प्रदर्शन मूल्यांकन में यह जानकारी दी गई।
विश्वविद्यालय का समग्र स्कोर 2026 के 68.5 से बढ़कर 2027 में 70 हो गया है, जबकि क्षेत्रीय रैंकिंग में उसका स्थान 95वें से गिरकर 106वें पायदान पर आ गया। हालांकि, उससे नीचे रहने वाले संस्थानों का अनुपात लगभग पहले जैसा ही रहा जो पिछले साल के 93.8 प्रतिशत की तुलना में इस बार 93.9 प्रतिशत दर्ज किया गया।
मूल्यांकन में शामिल 11 मानदंडों में से नौ में विश्वविद्यालय के स्कोर में सुधार दर्ज किया गया। इनमें अंतरराष्ट्रीय छात्र अनुपात, प्रति शिक्षक शोधपत्रों की संख्या और अंतरराष्ट्रीय शिक्षक अनुपात में सबसे अधिक बढ़ोतरी हुई।
मूल्यांकन के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय छात्र अनुपात का स्कोर 9.2 से बढ़कर 16.8 हो गया, जबकि अंतरराष्ट्रीय शिक्षक अनुपात का स्कोर 3.4 से बढ़कर 9.2 पर पहुंच गया। वहीं, प्रति शिक्षक शोधपत्रों के मामले में स्कोर 87.7 से बढ़कर 95 हो गया।
विश्वविद्यालय ने प्रति शोधपत्र उद्धरणों के मामले में भी सुधार दर्ज किया है। इस मानदंड पर उसका स्कोर 19.5 से बढ़कर 24.6 हो गया। इसके अलावा, पीएचडी उपाधि प्राप्त शिक्षकों और कर्मचारियों से संबंधित मानदंड पर भी स्कोर 94.7 से बढ़कर 99.4 हो गया।
हत्या का वांछित आरोपी मुठभेड़ में घायल होने के बाद गिरफ्तार, पैर में लगी गोली
प्रवक्ता ने बताया कि आरोपी की पहचान शालू के रूप में हुई है और उसके खिलाफ चोरी, दहेज हत्या और हत्या समेत 11 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार तड़के जेवर पुलिस बैरियर लगा कर बदमाशों की तलाश में जांच कर रही थी। इसी दौरान हसनपुर की ओर जाने वाली सड़क पर एक संदिग्ध व्यक्ति पैदल आता दिखाई दिया।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, पुलिस ने जब उसे रुकने का इशारा किया, तो वह भागने लगा और पुलिस दल ने पीछा कर उसे घेर लिया, जिसके बाद आरोपी ने गोली चला दी। उन्होंने बताया कि पुलिस की जवाबी कार्रवाई के बाद उसके पैर में गोली लगी ।
डेमोक्रेट नेता हकीम जेफ्रीज बन सकते हैं अमेरिकी प्रतिनिधि सभा के पहले अश्वेत अध्यक्ष
अमेरिका में यह पद राष्ट्रपति के बाद उत्तराधिकार की सूची में दूसरे स्थान पर आता है। साथ ही, यह कांग्रेस का एकमात्र नेतृत्व पद है, जिसका उल्लेख अमेरिकी संविधान में अनिवार्य रूप से किया गया है।
डेमोक्रेट्स की चुनावी जीत का जश्न मनाने के लिए आयोजित कार्यक्रम में जब जेफ्रीज पहुंचे, तो लोगों ने तालियां बजाकर उनका स्वागत किया और "स्पीकर! स्पीकर!" के नारे लगाए।
जेफ्रीज ने कहा, "यह किसी दलगत राजनीति का नहीं, बल्कि देशभक्ति दिखाने का समय है।’’
उन्होंने कहा कि प्रतिनिधि सभा के डेमोक्रेट सांसद यह अच्छे से समझते हैं कि यह बदलाव के लिए दिया गया जनादेश है और अमेरिकी जनता व्यापक तथा बुनियादी बदलाव की मांग कर रही है।
उन्होंने कहा, "हम आपकी आवाज सुन रहे हैं। हम उस बड़े बदलाव को लाने के लिए कड़ी मेहनत करेंगे, जिसके आप हकदार हैं।"
ब्रुकलिन में जन्मे 56 वर्षीय जेफ्रीज यदि अध्यक्ष चुने जाते हैं, तो वह रिपब्लिकन पार्टी के माइक जॉनसन की जगह लेंगे।
जेफ्रीज ऐसे समय में सदन की कमान संभालेंगे, जब 20वीं सदी के नागरिक अधिकार आंदोलन की कई ऐतिहासिक उपलब्धियों को एक बार फिर चुनौती दी जा रही है।
इंदिरा गांधी स्टेडियम के आसपास बृहस्पतिवार शाम यातायात बाधित रहेगा
दिल्ली यातायात पुलिस के परामर्श के मुताबिक, शाम चार बजे से सचिवालय मार्ग और वेलोड्रोम रोड पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। वहीं, यातायात की स्थिति को देखते हुए बहादुर शाह जफर मार्ग, जवाहरलाल नेहरू (जेएलएन) मार्ग, महात्मा गांधी मार्ग (रिंग रोड), आईपी मार्ग और विकास मार्ग पर वाहनों के आवागमन को नियंत्रित या उनके मार्ग में परिवर्तन किया जा सकता है।
परामर्श में बताया गया है कि शांति वन चौराहा और भैरों मार्ग चौराहा के बीच रिंग रोड के हिस्से, गीता कॉलोनी पुल से आईपी पुल की ओर जाने वाले सलीमगढ़ बाईपास, तथा डब्लू-पॉइंट से दिल्ली गेट तक के मार्ग पर भी यातायात संबंधी पाबंदियां रह सकती हैं।
सहारनपुर में कार और ट्रक की टक्कर से दो लोगों की मौत; महिला और दो बेटियां घायल
देवबंद के थाना प्रभारी संदीप बालियान ने ’पीटीआई-भाषा’ को बताया कि देवबंद के खानकाह स्थित अनवर शाह कॉलोनी निवासी मोहम्मद एजाज (43) बुधवार को अपनी पत्नी रिजवाना और दो बेटियों के साथ दवा लेने मुजफ्फरनगर गए थे।
उन्होंने बताया कि परिवार टैक्सी से यात्रा कर रहा था, जिसे मुकेश (45) चला रहा था।
बालियान ने बताया कि रात करीब पौने 10 बजे परिवार जब मुजफ्फरनगर से लौट रहा था तभी साईधाम मंदिर के पास उनकी टैक्सी अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि टैक्सी का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार सभी लोग अंदर फंस गए।
उन्होंने बताया कि सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने राहगीरों की मदद से काफी मशक्कत के बाद सभी लोगों को वाहन से बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया।
थाना प्रभारी ने बताया कि चिकित्सकों ने एजाज और टैक्सी चालक मुकेश को मृत घोषित कर दिया।
उन्होंने बताया कि रिजवाना और उनकी बेटी हफसा का उपचार देवबंद के सरकारी अस्पताल में किया जा रहा है और गंभीर रूप से आयशा को बेहतर उपचार के लिए मेरठ ले जाया गया है।
बालियान ने बताया कि पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए मुर्दाघर में रखवा दिया है और मामले की जांच की जा रही है।
इथियोपिया ने सूडान के वाणिज्य दूतावास को बंद करने का दिया आदेश, छह कर्मचारी निष्कासित
इस घटनाक्रम को दोनों अफ्रीकी देशों के बीच बढ़ते कूटनीतिक तनाव के रूप में देखा जा रहा है।
यह कदम सूडान के उन आरोपों के बीच उठाया गया है, जिनमें उसने कहा था कि उसके बुनियादी ढांचे को निशाना बना रहे ड्रोन इथियोपिया के क्षेत्र से उड़ाए जा रहे हैं।
सूडानी कर्मचारियों का निष्कासन इथियोपिया द्वारा एक अक्टूबर को इरीट्रिया के 10 राजनयिकों को देश छोड़ने का आदेश देने और वहां स्थित अपना दूतावास बंद करने के फैसले के बाद हुआ है। इसके जवाब में इरीट्रिया ने इथियोपिया के साथ कूटनीतिक संबंध तोड़ लिए थे। इथियोपिया ने पिछले महीने मिस्र के एक राजनयिक को भी निष्कासित किया था।
नील नदी पर इथियोपिया द्वारा बनाए गए विशाल बांध को लेकर मिस्र के साथ उसके संबंध लंबे समय से तनावपूर्ण रहे हैं। मिस्र को आशंका है कि इस बांध से उसकी जलापूर्ति प्रभावित हो सकती है।
इथियोपिया के एक खुफिया अधिकारी ने नाम गोपनीय रखने की शर्त पर बताया कि सूडान के वाणिज्य दूतावास के छह कर्मचारियों को देश छोड़ने के लिए 48 घंटे का समय दिया गया था।
सूडान के एक अधिकारी ने भी निष्कासन की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि इथियोपिया के अधिकारियों ने रविवार को सूडान के राजदूत को तलब कर वाणिज्य दूतावास बंद करने के फैसले की जानकारी दी थी। उनके अनुसार, ये कर्मचारी मंगलवार शाम रवाना हो गए।
किसी भी अधिकारी ने इस फैसले के पीछे का कोई स्पष्ट कारण नहीं बताया।
इथियोपिया में सूडान के राजदूत ने इस मामले पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। वहीं, पिछले महीने की गई निष्कासन संबंधी कार्रवाइयों के विपरीत, इथियोपिया के विदेश मंत्रालय ने इस बार के कदमों की कोई सार्वजनिक घोषणा नहीं की है।
