Encounter In Shopian: जम्मू-कश्मीर के शोपियां जिले में मंगलवार को सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ हुई जिसमें तीन आतंकियों को ढेर कर दिया गया। दक्षिण कश्मीर जिले के शुकरू केलर इलाके में आतंकवादियों की मौजूदगी के बारे में एक विशेष इनपुट के आधार पर सुरक्षा बलों ने वहां घेराबंदी और तलाशी अभियान शुरू किया था।
अधिकारियों ने कहा कि आतंकवादियों द्वारा सुरक्षा बलों पर गोलीबारी करने के बाद तलाशी अभियान मुठभेड़ में बदल गया, जिसके बाद सुरक्षा बलों ने जवाबी कार्रवाई की। इनमें से एक शाहिद अहमद कुट्टे के होने की सूचना मिली। पहलगाम हमले के बाद उसका घर विस्फोट से उड़ा दिया गया था। शाहिद लश्कर का कमांडर है। उसके साथ दो और पाकिस्तानी आतंकी भी थे।
दो आतंकियों की पहचान हुई
1) शाहिद कुट्टे पुत्र मोहम्मद यूसुफ कुट्टे निवासी चोटिपोरा हीरपोरा, शोपियां। शामिल होने की तिथि: 08 मार्च, 2023 (LeT)। शाहिद 8 अप्रैल, 2024 को डेनिश रिसॉर्ट में गोलीबारी की घटना में शामिल था, जिसमें दो जर्मन पर्यटक और एक ड्राइवर घायल हो गए थे। वह 18 मई, 2024 को हीरपोरा, शोपियां में भाजपा सरपंच की हत्या में शामिल था। उस पर 3 फरवरी, 2025 को बेहिबाग, कुलगाम में टीए कर्मियों की हत्या में शामिल होने का संदेह है: सूत्र
2) दूसरे आतंकवादी की पहचान अदनान शफी डार पुत्र मोहम्मद शफी डार निवासी वंडुना मेलहोरा, शोपियां के रूप में हुई है। आतंकी ग्रुप में शामिल होने की तारीख- 18 अक्टूबर, 2024। (LeT)। वह 18 अक्टूबर, 2024 को वाची, शोपियां में गैर स्थानीय मजदूर की हत्या में शामिल था: सूत्र
