देश

यहां कौन है 'रहमान डकैत' जिसने मुंबई को लूटा? बिना नाम लिए उद्धव पर शिंदे का हमला, बोले- ‘धुरंधर महायुति' देगा जवाब

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने परोक्ष तौर पर उद्धव ठाकरे पर रविवार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मुंबई के खजाने को लूटने वाले 'रहमान डकैत' को ‘धुरंधर महायुति’ गठबंधन द्वारा उचित जवाब दिया जाएगा।

Image

एकनाथ शिंदे ने उद्धव ठाकरे पर कसा तंज। ( File Photo)

Photo : ANI

फिल्म स्टार अक्षय खन्ना और रणवीर सिंह अभिनीत फिल्म 'धुरंधर' का खुमार इन दिनों सब पर सिर चढकर बोल रहा है। इसकी धमक मुंबई के राजनीतिक हलकों में भी देखने को मिल रही है। दरअसल, शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख एकनाथ शिंदे ने इसी मूवी में अक्षय खन्ना द्वारा निभाए गए किरदार का जिक्र कर बिना नाम लिए उद्धव ठाकरे पर हमला बोला है। उन्होंने 'रहमान डकैत' का उदाहरण देते हुए राजनीतिक विरोधियों पर मुंबई को लूटने का आरोप लगाया। इतना ही नहीं, उन्होंने राज्य में सत्ताधारी गठबंधन महायुति को 'धुरंधर' करार दिया।

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने परोक्ष तौर पर उद्धव ठाकरे पर रविवार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मुंबई के खजाने को लूटने वाले 'रहमान डकैत' को ‘धुरंधर महायुति’ गठबंधन द्वारा उचित जवाब दिया जाएगा।

शिंदे का यह ताजा हमला नगर निगमों के चुनाव से ठीक पहले हुआ है। राज्य विधानमंडल में पिछले सप्ताह के प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान, शिंदे ने विधान परिषद में उद्धव ठाकरे के सदन से गायब रहने पर भी तंज कसा था। उन्होंने निशाना साधने के लिए शायरी और व्यंग्य का इस्तेमाल किया। उन्होंने उद्धव पर हिंदुत्व विचारधारा के साथ विश्वासघात करार दिया था।

असली पिक्चर अभी बाकी है

अविभाजित शिवसेना के बृहन्मुंबई महानगर पालिका में लंबे समय सत्ता में रहने की ओर इशारा करते हुए शिंदे ने कहा कि यह रहमान डकैत कौन है जिसने मुंबई के खजाने को लूटा? मैं निजी हमले नहीं करता, लेकिन ऐसे कई रहमान डकैत आए और चले गए। 'धुरंधर महायुति' उन्हें करारा जवाब देगा। अभी की महायुति तो बस ट्रेलर है- असली पिक्चर अभी बाकी है। बता दें कि महायुति में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), शिवसेना और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) शामिल हैं।

सत्ता के लिए विश्वास और विचारधारा का सौदा करने वाला सच्चा उत्तराधिकारी नहीं हो सकता

ठाकरे पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि दूसरों के बारे में बुरा बोलने से किसी का चरित्र अच्छा नहीं होता। शिंदे ने शिवसेना संस्थापक बाल ठाकरे की हिंदुत्व विरासत का उल्लेख भी किया। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति सत्ता के लिए विश्वास और विचारधारा का सौदा करता है, वह सच्चा उत्तराधिकारी नहीं हो सकता।

ठाकरे के हाल ही में उप मुख्यमंत्री पद की संवैधानिकता पर सवाल उठाने पर, शिंदे ने कहा कि जब मैं मुख्यमंत्री बना, तो आपने मुझे गैर-संवैधानिक कहा और मुझे हटाना चाहा। अब आप मुझे उप मुख्यमंत्री के पद से हटाना चाहते हैं।

सरकारी योजनाओं को पांसा पलटने वाला बताते हुए शिंदे ने कहा कि महायुति आने वाले नगर निगम चुनाव जीतेगी और साबित करेगी कि सहयोगी असली धुरंधर हैं। उन्होंने ठाकरे पर निशाना साधते हुए कहा कि हमने विधानसभा देर रात 2 बजे तक चलाई, लेकिन कुछ लोग सदन में दो घंटे भी नहीं बैठ सकते। कुछ विधायक सत्र को पर्यटन की तरह लेते हैं।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!