देश

ED की रेड के बाद पंजाब के कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा गिरफ्तार, मनी लॉन्ड्रिंग मामले में हुई कार्रवाई

Sanjeev Arora ED Raid: पंजाब के कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा के घर और उनसे जुड़े कई ठिकानों पर ED ने छापेमारी की। यह कार्रवाई मनी लॉन्ड्रिंग, FEMA उल्लंघन और संदिग्ध फंड लेन-देन की जांच के तहत की गई।

Image

पंजाब के मंत्री संजीव अरोड़ा के घर ED की रेड (Photo: @SanjeevArora_PB)

Sanjeev Arora ED Raid: प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने शुक्रवार सुबह पंजाब सरकार के कैबिनेट मंत्री और आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता संजीव अरोड़ा के घर और उनसे जुड़े कई ठिकानों पर छापेमारी की। कुछ समय बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। ईडी की यह कार्रवाई मनीलॉन्ड्रिंग मामले में हुई। इससे पहले आज सुबह सात बजे के करीब ईडी की टीम अरोड़ा के चंडीगढ़ के सेक्टर-2 स्थित उनके सरकारी आवास पर पहुंची। बताया जा रहा है कि करीब 20 गाड़ियों में अधिकारी मौके पर पहुंचे थे। सुरक्षा व्यवस्था के लिए CIA और स्पेशल फोर्स के लगभग तीन दर्जन जवान भी तैनात किए गए थे। सुबह 7:25 बजे सर्च ऑपरेशन शुरू हुआ।

इन मामलों में हुई कार्रवाई

ED की यह कार्रवाई कथित मनी लॉन्ड्रिंग, FEMA उल्लंघन, जमीन से जुड़े मामलों और पैसों के संदिग्ध लेन-देन की जांच के तहत की जा रही है। एजेंसी ने लुधियाना, जालंधर, चंडीगढ़ और गुरुग्राम समेत कई शहरों में भी छापेमारी की। जांच के दायरे में संजीव अरोड़ा के परिवार और उनकी कंपनी से जुड़े कुछ दफ्तर भी बताए जा रहे हैं। जानकारी के मुताबिक, छापेमारी के समय संजीव अरोड़ा (Punjab Minister Raid) देश में मौजूद नहीं थे। वह आधिकारिक दौरे पर नीदरलैंड्स के एम्स्टर्डम गए हुए हैं। वहां वे ‘इनवेस्ट पंजाब’ कार्यक्रम के जरिए पंजाब में निवेश लाने के लिए उद्योगपतियों से मुलाकात कर रहे हैं।

दो तीन दिन तमाशा चलेगा-संजय सिंह

इस मामले को लेकर राजनीति भी तेज हो गई है। AAP सांसद संजय सिंह (Sanjay Singh) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी नेताओं को बदनाम करने के लिए केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल किया जा रहा है। वहीं, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान (Bhagwant Mann) ने भी इस कार्रवाई को राजनीतिक दबाव की कोशिश बताया। गौरतलब है कि अक्टूबर 2024 में भी ED ने संजीव अरोड़ा से जुड़े कई ठिकानों पर छापेमारी की थी। उस समय औद्योगिक जमीन आवंटन में कथित गड़बड़ियों की जांच की जा रही थी। अब ED विदेशों से जुड़े फंड ट्रांजैक्शन और अन्य आर्थिक मामलों की जांच कर रही है। वहीं, संजीव अरोड़ा ने कहा है कि अगर उनके खिलाफ कोई भी गलत काम साबित होता है तो वे राजनीति छोड़ देंगे।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article