देश

फिर बढ़ीं रॉबर्ट वाड्रा की मुश्किलें, ED ने संजय भंडारी से जुड़े PMLA केस में किया तलब, कल होगी पूछताछ

ED ने हरियाणा में 2008 के एक भूमि सौदे में कथित अनियमितताओं से जुड़े एक अलग मनी लॉन्ड्रिंग मामले में अप्रैल में लगातार तीन दिनों तक वाड्रा से पूछताछ की थी।

Image

रॉबर्ट वाड्रा से होगी पूछताछ

Photo : PTI

ED Issues Summons To Robert Vadra: प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा के व्यवसायी पति रॉबर्ट वाड्रा को ब्रिटेन स्थित हथियार सलाहकार संजय भंडारी से जुड़े धन शोधन मामले में पूछताछ के लिए एक नया समन जारी किया है। आधिकारिक सूत्रों ने सोमवार को यह जानकारी दी। सूत्रों ने बताया कि इस मामले में बयान दर्ज कराने के लिए उन्हें 17 जून को संघीय जांच एजेंसी के समक्ष पेश होने के लिए कहा गया है। इस मामले की जांच धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के तहत की जा रही है।

10 जून को पूछताछ में पेश नहीं हुए थे

56 वर्षीय वाड्रा को 10 जून को मामले में पूछताछ के लिए बुलाया गया था, लेकिन वे यह कहते हुए पेश नहीं हुए कि उन्हें 9 जून को फ्लू जैसे लक्षण थे और उन्होंने प्रोटोकॉल के अनुसार कोविड परीक्षण कराया था। उनके वकील ने तब कहा था कि वाड्रा का समन से बचने का कोई इरादा नहीं है और वे इस महीने के अंत में विदेश यात्रा से पहले या बाद में कभी भी ईडी के समक्ष पेश होने के लिए तैयार हैं।

समझा जाता है कि एजेंसी ने पीएमएलए के तहत अपना बयान दर्ज करने और बाद में मामले में आरोप पत्र दाखिल करने के लिए वाड्रा को तलब किया है। संघीय जांच एजेंसी ने हरियाणा में 2008 के एक भूमि सौदे में कथित अनियमितताओं से जुड़े एक अलग मनी लॉन्ड्रिंग मामले में अप्रैल में लगातार तीन दिनों तक वाड्रा से पूछताछ की थी। ईडी द्वारा मनी लॉन्ड्रिंग के तीन मामलों में उनकी जांच की जा रही है। भंडारी (63) 2016 में आयकर विभाग द्वारा दिल्ली में छापेमारी के तुरंत बाद लंदन भाग गया था।

भंडारी को ब्रिटेन की अदालत ने किया बरी

इस महीने की शुरुआत में ब्रिटेन की एक अदालत ने भारत सरकार द्वारा प्रत्यर्पण मामले में भंडारी को बरी किए जाने के खिलाफ ब्रिटेन के सुप्रीम कोर्ट में अपील करने की अनुमति मांगने के लिए दायर आवेदन को अस्वीकार कर दिया, जिससे उसे देश में लाए जाने की संभावना लगभग समाप्त हो गई। ईडी ने इस मामले में 2023 में आरोपपत्र दाखिल किया था जिसमें आरोप लगाया गया था कि भंडारी ने 2009 में लंदन में 12, ब्रायनस्टन स्क्वायर स्थित घर खरीदा और रॉबर्ट वाड्रा के निर्देशों के अनुसार नवीनीकरण कराया जिसके लिए धन वाड्रा ने ही मुहैया कराया।

वहीं, वाड्रा ने इस बात से इनकार किया है कि वह प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से लंदन में किसी संपत्ति के मालिक हैं। आरोपों को राजनीतिक षडयंत्र करार देते हुए वाड्रा ने कहा कि राजनीतिक उद्देश्यों की पूर्ति के लिए उन्हें परेशान किया जा रहा है। ईडी राजस्थान के बीकानेर में एक भूमि सौदे में कथित वित्तीय अनियमितताओं से जुड़े एक अलग मनी लॉन्ड्रिंग मामले में भी वाड्रा की जांच कर रही है।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article